गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र के भीटी रावत गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने सगे जीजा के साथ मिलकर अपने ही पति पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि घटना उस वक्त हुई जब महिला अपने जीजा के साथ घूमने जा रही थी और पति ने इसका विरोध किया.
विवाह के बाद से ही था विवाद का सिलसिला
पीड़ित पति सच्चितानंद यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2019 में उसकी शादी गुलरिहा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी का व्यवहार बदलने लगा. वह घर वालों से झगड़ा करती और अक्सर अपनी बहन के पति (साढ़ू) राममिलन के साथ बाहर घूमने जाती. जब सच्चितानंद ने इसका विरोध किया तो पत्नी ने गाली-गलौज और धमकी देना शुरू कर दिया.
विरोध पर चाकू से किया हमला
एक दिन जब पत्नी फिर से अपने जीजा के साथ बाहर जाने लगी तो सच्चितानंद ने विरोध किया. इसी बात पर दोनों भड़क उठे और मिलकर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में सच्चितानंद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर पत्नी प्रीति और साढ़ू राममिलन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, गांव में इस सनसनीखेज वारदात को लेकर लोगों में खासी चर्चा है और रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.