Birthday Party Legal Notice ---दोस्ती में किए गए वादे को लेकर दमोह में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। जन्मदिन पर पार्टी देने का वादा पूरा नहीं होने से नाराज एक युवक ने अपने दोस्त को कानूनी नोटिस भेज दिया। आरोप है कि तय समय पर पार्टी नहीं मिली और फोन भी नहीं उठाया गया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हुआ और उसकी तबीयत बिगड़ गई। अब इलाज और खाने के खर्च की भरपाई के लिए हजारों रुपये की मांग की गई है।
जन्मदिन पर किया था पार्टी का वादा
विवेकानंद नगर निवासी 32 वर्षीय विशाल सिंह राजपूत और दमोह सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोविंद तिवारी दोस्त हैं। 10 अगस्त को गोविंद का जन्मदिन था। विशाल और उनके साथियों ने जन्मदिन मनाया, जिसके बाद गोविंद ने दोस्तों को पार्टी देने का वादा किया। कई दिन बीतने के बाद भी पार्टी नहीं हुई तो विशाल ने दोबारा इसकी बात उठाई। इसके बाद 19 अगस्त को लिखित इकरारनामे के जरिए 23 अगस्त को शाम 7 से 9 बजे के बीच पार्टी तय की गई।
पार्टी के इंतजार में दिनभर नहीं खाया खाना
नोटिस में लगाए गए आरोप के मुताबिक, 23 अगस्त को विशाल पार्टी के इंतजार में दोपहर का खाना तक नहीं खा सके। शाम को तय समय पर उन्होंने करीब 7 बजे और फिर 8 बजे गोविंद को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। पार्टी में भी दोस्त नहीं पहुंचे। इसके बाद विशाल ने इसे वादा तोड़ने के साथ-साथ दोस्ती में गंभीर लापरवाही माना।
सीने में दर्द के बाद इलाज पर खर्च हुए हजारों रुपये
विशाल का कहना है कि इस घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। रात करीब 10 बजे उन्हें मजबूरी में एक होटल में खाना खाना पड़ा, जिस पर 1,750 रुपये खर्च हुए। इसके बाद मानसिक तनाव और सीने में दर्द की शिकायत होने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से जबलपुर रेफर करने की सलाह दी गई। बाद में निजी डॉक्टर से इलाज कराया गया, जिसमें 39,500 रुपये खर्च होने का दावा किया गया है।
सात दिन में रकम देने की मांग
विशाल की ओर से अधिवक्ता कमल सिंह ठाकुर ने 31 अगस्त को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में होटल और इलाज का खर्च मिलाकर 41,250 रुपये तथा 2,000 रुपये नोटिस खर्च की मांग की गई है। यानी कुल 43,250 रुपये सात दिन के भीतर चुकाने को कहा गया है। रकम नहीं देने पर अदालत में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। दोस्ती, जन्मदिन की पार्टी और कानूनी नोटिस से जुड़ा यह मामला अब दमोह में चर्चा का विषय बना हुआ है।