DAMOH FIRE ROYAL DAMYANTI PALACE : मध्य प्रदेश के दमोह में शनिवार को सगाई समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत रॉयल दमयंती पैलेस में खाना बनाते समय गैस पाइपलाइन फट गई, जिसके बाद अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से कैटरिंग टीम के तीन कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव नाम के कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय और राजा बाबू का इलाज जारी है।
अग्रवाल परिवार के सगाई समारोह में हादसा
जानकारी के मुताबिक रॉयल दमयंती पैलेस में अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के लिए रायपुर के भाटापारा से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी। समारोह में मेहमानों के लिए खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस पाइपलाइन अचानक फट गई और तेज आग भड़क उठी। खाना बना रहे कैटरिंग कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।
आग लगते ही समारोह स्थल पर मची अफरा-तफरी
अचानक आग लगने से समारोह स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ और वहां मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और आग की चपेट में आए कर्मचारियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया।
दो कर्मचारियों की हालत गंभीर
हादसे में अजय और राजा बाबू भी गंभीर रूप से झुलसे हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। आग से प्रभावित अन्य लोगों को भी अस्पताल लाए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
गैस पाइपलाइन फटने की वजह की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार रॉबिन जैन, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गैस पाइपलाइन क्यों फटी और समारोह स्थल पर गैस कनेक्शन व खाना पकाने की व्यवस्था किस तरह की गई थी। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।