
दलीप ट्रॉफी 2025 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन के 21 साल के युवा बल्लेबाज दानिश मालेवर ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ ऐसी बल्लेबाजी की है कि हर क्रिकेट प्रेमी का दिल जीत लिया. बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए इस मैच में दानिश ने महज 146 गेंदों में 105 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 21 चौके शामिल थे. खबर लिखे जाने तक दानिश 132 रन बनाकर नाबाद थे, जिसमें उनके बल्ले से 25 चौके निकल चुके थे. यानी उन्होंने चौकों से ही 100 रन पूरे किए. यह पारी न सिर्फ उनकी प्रतिभा का सबूत है बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य की झलक भी दिखाती है.
कौन हैं दानिश मालेवर?
नागपुर में 8 अक्टूबर 2003 को जन्मे दानिश मालेवर विदर्भ के लिए खेलते हैं. उन्होंने अपने फर्स्ट-क्लास करियर की शुरुआत 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में आंध्र के खिलाफ नागपुर में की थी. अपनी दूसरी पारी में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 61 रन बनाए. इसके बाद उन्होंने लगातार तीन पारियों में 56, 42 और 59 रन बनाए. गुजरात के खिलाफ उसी सीजन में उन्होंने अपना पहला शतक (115 रन) ठोका. अपने डेब्यू रणजी सीजन में दानिश ने 9 मैचों में 15 पारियों में 52.20 की औसत और 51.34 के स्ट्राइक रेट से 783 रन बनाए. जिसमें 2 शतक, 6 अर्धशतक, 95 चौके और 6 छक्के शामिल थे.
पिता का सपना पूरा करने के लिए बेटे की मेहनत
दानिश के पिता विष्णु मालेवर क्रिकेट के जबरदस्त दीवाने हैं. लोअर मिडिल क्लास पृष्ठभूमि से आने वाले विष्णु ने शादी से पहले ही ठान लिया था कि अगर बेटा हुआ, तो उसे क्रिकेटर बनाएंगे. आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने दानिश को हर संभव सहारा दिया. दानिश ने अपने पिता के सपने को सच कर दिखाया और आज उनकी बल्लेबाजी चेतन पुजारा की शैली की याद दिलाती है.
ये भी पढ़ें : America को सबक सिखाने की हो रही तैयारी, 140 करोड़ भारतीयों ने ठानी अपनाना है स्वदेशी, इन 30 कंपनियों पर गिरेगी गाज!
रणजी में चमक, अब दलीप में धमाल
रणजी ट्रॉफी 2024-25 के फाइनल में दानिश ने केरल के खिलाफ 168 गेंदों में शतक जड़कर विदर्भ को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था. अब दलीप ट्रॉफी 2025 में उनकी यह पारी उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में ला रही है.
लिस्ट ए और टी20 में डेब्यू का इंतजार
दानिश ने अभी तक लिस्ट ए या टी20 क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह इंतजार जल्द खत्म हो सकता है. उनकी तकनीक और धैर्य उन्हें छोटे फॉर्मेट में भी कामयाबी दिला सकता है.
दानिश की आगे की राह
दलीप ट्रॉफी में यह शतक दानिश के लिए बड़ा मौका है. अगर वह रणजी ट्रॉफी 2025-26 में भी ऐसा ही प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो भारत ए और राष्ट्रीय टीम का दरवाजा उनके लिए खुल सकता है. दानिश मालेवर निश्चित रूप से भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे हैं, जिन पर हर क्रिकेट फैन की नजर रहेगी.