CUET Data Leak: इस साल कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET 2026) और अन्य स्कूल बोर्ड की परीक्षाएं देने वाले लाखों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इन परीक्षाओं में शामिल हुए करीब लाखों छात्रों का निजी और संवेदनशील डेटा इंटरनेट पर सरेआम बेचा जा रहा है। यह खुलासा तब हुआ है जब देश में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट लागू किया जा रहा है।
सिर्फ 1,000 रुपये में मिल रही है पूरी जानकारी
एक रिपोर्ट के अनुसार studentdataprovider.com और studentsdatabases.com जैसी कई वेबसाइट्स प्राइवेट कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज को यह डेटा बेच रही हैं। इन वेबसाइट्स पर बकायदा "CUET-2026 परीक्षा डेटाबेस" के विज्ञापन दिए जा रहे हैं। जिसमें 15 लाख से अधिक उम्मीदवारों की जानकारी होने का दावा है। चौंकाने वाली बात यह है कि छात्र या डेटा के साइज के हिसाब से इस पूरे डेटाबेस की कीमत महज 1,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये के बीच रखी गई है।
लीक हुए डेटा में क्या-क्या शामिल है?
इंटरनेट पर बिक रहे इस डेटाबेस में छात्रों के नाम और रोल/एप्लीकेशन नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि (DOB) और जेंडर (लिंग) और जाति या कोटा कैटेगरी जैसी जानकारियां शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार वेबसाइट ने सबूत के तौर पर CUET-UG 2026 में शामिल हुए 500 छात्रों का डेटा 'फ्री सैंपल' के रूप में लाइव भी कर दिया है। बता दें कि यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 13 मई से 3 जून के बीच आयोजित की गई थी और 4 जुलाई को ही इसके नतीजे आए हैं।
यह भी पढ़ें: NITI Aayog Report: 10 साल में बंद हुए 94 हजार सरकारी स्कूल! नीति आयोग की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
क्यों खतरनाक है फर्जीवाड़ा
यह पूरा फर्जीवाड़ा देश के डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) कानून के नियमों के खिलाफ है। अगस्त 2023 में राष्ट्रपति की मंजूरी पाने वाले इस कड़े कानून के तहत डेटा प्राइवेसी के उल्लंघन पर 250 करोड़ रुपये तक के भारी जुर्माने का प्रावधान है। हालांकि, इस कानून को पूरी तरह लागू होने की समयसीमा को मई 2027 तक बढ़ा दिया गया है, जिसका फायदा शायद ये हैकर्स उठा रहे हैं।
एनटीए ने क्या कहा
परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) का कहना है कि उम्मीदवारों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्रों का रिजल्ट और डेटा यूनिवर्सिटीज के साथ केवल सरकारी और सुरक्षित प्लेटफॉर्म्स (जैसे डिजिलॉकर, NAD और API Setu) के जरिए ही शेयर किया जाता है।