Datia By-election Result: दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में समीक्षा का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई अहम बैठक में हार के कारणों पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और चुनाव से जुड़े नेता मौजूद रहे। वहीं भितरघात की शिकायतों की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
CM हाउस में हुई हार की समीक्षा बैठक
दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री आवास पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर की स्थिति और संगठन की भूमिका पर चर्चा हुई। पार्टी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मजबूत संगठन के बावजूद चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में क्यों नहीं आया।
आशुतोष तिवारी ने उठाए भितरघात के सवाल
सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान आशुतोष तिवारी भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उन्होंने चुनाव में भितरघात से जुड़ी शिकायतों को संगठन के सामने रखा। बताया जा रहा है कि उनके पास शिकायतों से जुड़े कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग होने की भी चर्चा है। हालांकि, इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दो सदस्यीय समिति करेगी चुनाव हार की जांच
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को शामिल किया गया है। यह समिति चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों और नेताओं से चर्चा कर हार के कारणों की रिपोर्ट तैयार करेगी।
एक दर्जन जिम्मेदारों पर हो सकता है एक्शन
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद संगठन स्तर पर कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। यदि रिपोर्ट में लापरवाही या संगठनात्मक कमियां सामने आती हैं तो जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। करीब एक दर्जन नेताओं की भूमिका की समीक्षा होने की बात कही जा रही है।
रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की रणनीति
भाजपा संगठन अब समिति की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी रणनीति और संगठनात्मक बदलावों पर फैसला लिया जा सकता है। दतिया उपचुनाव का परिणाम पार्टी के लिए समीक्षा का बड़ा विषय बन गया है।