उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बहू ने अपने पति और पूरे ससुरालवालों को आटे में ज़हर मिलाकर मारने की साजिश रची. लेकिन रात के खाने से पहले ही यह खतरनाक प्लान पकड़ में आ गया और पूरे परिवार की जान बच गई.
रोटियों से आई गंध तो खुली साजिश
यह मामला करारी थाना क्षेत्र के मलकिया गांव का है. रविवार रात बृजेश कुमार मौर्य का पूरा परिवार रात का खाना खाने वाला था. तभी रसोई से तेज बदबू आने लगी. जब उन्होंने आटे की तरफ देखा तो उसमें काला रंग और सल्फास जैसी गंध थी.
जब बृजेश ने अपनी पत्नी मालती से इसके बारे में पूछा तो उसने जो बताया, उससे सब हैरान रह गए. मालती ने कबूल किया कि वह परिवार के सभी आठ लोगों को ज़हरीली रोटियां खिलाकर मारना चाहती थी.
साल 2014 में हुई थी शादी, पति गया था सऊदी
बता दें कि बृजेश मौर्य की शादी 2014 में प्रयागराज की मालती देवी से हुई थी. शादी के बाद दो बच्चे हुए और फिर बृजेश रोज़गार के लिए सऊदी अरब चला गया. मालती अपने बच्चों के साथ ससुराल के संयुक्त परिवार में रहने लगी.
मोबाइल पर बातों से हुआ शक
कुछ समय बाद मालती का जेठानियों से झगड़ा होने लगा और वह अक्सर मोबाइल पर घंटों किसी से बातें करती थी. गांव के लोगों ने बताया कि वह खेतों की ओर जाते समय सूट-सलवार पहनकर जाती थी, जिससे शक और गहरा हुआ.
जब बृजेश दो महीने पहले गांव आया तो उसने भी यह सब देखा और पत्नी से बात करने की कोशिश की. लेकिन बातचीत के बजाय दोनों में तनाव और झगड़े बढ़ते चले गए.
साजिश में शामिल निकले पिता और भाई
पूछताछ में मालती ने बताया कि उसके पिता कल्लू और भाई बजरंगी भी इस साजिश में शामिल थे. उसने जब अपनी परेशानियों के बारे में उन्हें बताया, तो उन्होंने ही उसे पूरे परिवार को खत्म करने का सुझाव दिया.
तीनों गिरफ्तार, जांच जारी
बृजेश ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और मालती, उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया. तीनों पर केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है. घर से बरामद गूंथा हुआ ज़हरीला आटा जांच के लिए लैब भेजा गया है.
गांव में फैला डर
गांव में इस घटना को लेकर डर और हैरानी का माहौल है. किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि एक बहू इतनी खौफनाक साजिश रच सकती है और पूरे परिवार को खत्म करने की कोशिश कर सकती है.