मेरठ। मां की मौत की सूचना पर गांव जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव के सामने अचानक सड़क पर आए गोवंश से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चला रहे उनके भतीजा को मामूली चोट आई। परिजनों व आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को गमगीन माहौल में उनके शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
सरधना थाना क्षेत्र के पौहल्ली गांव निवासी अफशा पत्नी शकील रविवार को मवाना क्षेत्र के बिसौला गांव में रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम में पहुंचने के कुछ देर बाद उन्हें मढ़ियाई गांव में लंबे समय से बीमार चल रही अपनी मां की मौत की सूचना मिली। मां की मौत की खबर सुनते ही वह अपने भतीजे मईनुद्दीन के साथ बाइक से मढ़ियाई गांव के लिए रवाना हो गईं। जैसे ही वे दौराला क्षेत्र के सरधना मार्ग पर मछरी गांव के सामने पहुंचे, तभी अचानक सड़क पर गोवंश आ गया। बाइक चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक पशु से टकरा गई। टक्कर लगने से अफशा सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मईनूद्दीन को मामूली चोट लगी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अफशा को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मां की मौत के बाद बेटी की हादसे में जान जाने की खबर से परिवार में मातम छा गया। सोमवार को गमगीन माहौल में अफशा के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।