दिल्ली में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने अपनी मौजूदा हाउसिंग स्कीम्स में बड़ा बदलाव करते हुए फ्लैट की कुल कीमत से पार्किंग चार्ज हटाने का फैसला किया है। अब खरीदारों को कवर्ड या ओपन पार्किंग स्पेस के लिए अलग से रकम नहीं चुकानी होगी। इस एक फैसले से फ्लैट की कीमतों में 5 लाख से 12 लाख रुपये तक की कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे खासतौर पर मध्यम वर्ग और उच्च आय वर्ग के खरीदारों को बड़ा फायदा मिलेगा।
किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
इस फैसले का सबसे अधिक लाभ MIG और HIG कैटेगरी के फ्लैट खरीदारों को मिलेगा। अभी DDA की चार प्रमुख स्कीमें चल रही हैं—कर्मयोगी आवास योजना 2025 (FCFS), टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम 2025 (ई-ऑक्शन), नागरिक आवास योजना 2026 (FCFS) और टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम 2026 (FCFS)। इन सभी योजनाओं में अब पार्किंग स्पेस के लिए अलग से शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी जो पहले पार्किंग फीस के कारण बजट से बाहर हो रहे थे।
ये भी पढ़ें : AI Summit 2026 LIVE: AI समिट 2026 में पीएम मोदी का संबोधन, “कुछ को भय, कुछ को भविष्य दिखता है”
क्या बदला है प्राइसिंग फॉर्मूले में
DDA के नए आदेश के मुताबिक, अब पार्किंग बनाने का खर्च फ्लैट के प्लिंथ एरिया रेट में जोड़ दिया जाएगा। यानी पार्किंग की लागत को जनरल प्रोजेक्ट कॉस्ट का हिस्सा बना दिया गया है और इसे अलग से चार्ज नहीं किया जाएगा। पहले कार या स्कूटर गैरेज और कवर्ड या अनकवर्ड पार्किंग के लिए अलग रकम जोड़ी जाती थी, जिससे कुल कीमत बढ़ जाती थी। अब यह अतिरिक्त बोझ हट गया है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि किसी भी तरह का अलग या एक्स्ट्रा पार्किंग चार्ज कुल लागत में नहीं जोड़ा जाएगा।
पहले भुगतान कर चुके खरीदारों को राहत
DDA ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन खरीदारों ने इन चारों स्कीमों के तहत पार्किंग का अलग से भुगतान कर दिया है, उन्हें उनके पैसे वापस किए जाएंगे या अगली किश्त में समायोजित कर दिए जाएंगे। इससे पहले से बुकिंग करा चुके लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा। यह कदम पारदर्शिता और भरोसे को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
कितनी घटेगी कीमतें
कीमत में कमी फ्लैट की कैटेगरी और पार्किंग स्पेस के साइज पर निर्भर करेगी। उदाहरण के तौर पर, कर्मयोगी आवास योजना के तहत 11 वर्गमीटर पार्किंग स्पेस वाले HIG फ्लैट्स की कीमत में लगभग 10 लाख रुपये तक की गिरावट आ सकती है। वहीं MIG फ्लैट्स के दाम 4 से 5 लाख रुपये तक कम हो सकते हैं। टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम में पार्किंग स्पेस बड़े होने के कारण कीमत में और ज्यादा कमी संभव है। कुल मिलाकर, यह फैसला दिल्ली में घर खरीदने वालों के लिए एक बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है।