दिल्ली-एनसीआर में अपना घर लेने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी ने नागरिक आवास योजना के तहत सिरसपुर में किफायती एलआईजी फ्लैट्स की बिक्री शुरू कर दी है। ये फ्लैट्स पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन पर 25 फीसदी तक की छूट भी मिल रही है। मौजूदा प्रॉपर्टी बाजार को देखते हुए इतनी कम कीमत में दिल्ली में घर मिलना बड़ी बात मानी जा रही है।
11.51 लाख से शुरू कीमत
डीडीए के ताजा सर्कुलर के अनुसार सिरसपुर के पॉकेट A1, A2, B1, C1, C2 और D1 में कुल 411 एलआईजी फ्लैट्स बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। छूट के बाद इनकी कीमत लगभग 11.51 लाख से 11.71 लाख रुपये के बीच रखी गई है। सभी फ्लैट्स 1BHK हैं और इनका प्लिंथ एरिया करीब 35.76 से 36.39 वर्ग मीटर है। बुकिंग के लिए 1 लाख रुपये जमा करने होंगे। रजिस्ट्रेशन के समय 2500 रुपये की नॉन रिफंडेबल फीस भी देनी होगी।
रेडी टू मूव फ्लैट्स
इन फ्लैट्स की एक और खासियत यह है कि ये पूरी तरह तैयार हैं। यानी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद खरीदार सीधे पजेशन ले सकते हैं। घर बनकर तैयार है, इसलिए अलग से इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीमित बजट में तैयार घर चाहने वालों के लिए यह विकल्प काफी सुविधाजनक माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : RBI का सख्त एक्शन, कई बड़े बैंकों पर लाखों का जुर्माना, क्या है पूरी वजह?
लोकेशन की बड़ी ताकत
सिरसपुर की लोकेशन इसकी सबसे बड़ी खासियत है। यह इलाका National Highway 44 और Urban Extension Road II के पास स्थित है, जिससे सड़क मार्ग से आना जाना आसान हो जाता है। साथ ही यह समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर है। यानी मेट्रो की सुविधा भी नजदीक में उपलब्ध है। ऑफिस या कारोबार के लिए रोजाना यात्रा करने वालों के लिए यह कनेक्टिविटी समय और खर्च दोनों बचा सकती है।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
फ्लैट लेने के इच्छुक लोगों को डीडीए के ई सर्विस पोर्टल eservices.dda.org.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। बुकिंग अमाउंट जमा करने के बाद डीडीए ऑनलाइन डिमांड कम अलॉटमेंट लेटर जारी करेगा। अलॉटमेंट लेटर मिलने के 60 दिनों के भीतर बाकी रकम जमा करनी होगी। जरूरत पड़ने पर 61 से 90 दिनों के बीच 10 फीसदी सालाना ब्याज के साथ भुगतान किया जा सकता है।
समय पर भुगतान जरूरी
अगर 90 दिनों के अंदर पूरा भुगतान नहीं किया गया तो अलॉटमेंट रद्द हो जाएगा और बुकिंग अमाउंट वापस नहीं मिलेगा। पजेशन लेटर मिलने के तीन महीने के अंदर फ्लैट का कब्जा लेना भी जरूरी है। तय समय में कब्जा न लेने पर अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। ऐसे में जो लोग घर खरीदने का सोच रहे हैं, उन्हें नियम और समय सीमा का ध्यान रखना होगा।