अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह अपनी रोमांटिक-ड्रामा फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाते हुए ‘दे दे प्यार दे 2’ लेकर आ रहे हैं। 14 नवंबर को रिलीज हो रही यह फिल्म साल 2019 में आई हिट फिल्म का सीक्वल है, जिसने करीब 150 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड कमाई कर शानदार सफलता पाई थी। सीक्वल को लेकर शुरुआत में जबरदस्त चर्चा देखने को मिली थी। फिल्म का निर्देशन इस बार अंशुल शर्मा ने किया है, जबकि स्टारकास्ट में अजय और रकुल के साथ आर. माधवन और मीजान जाफरी भी नजर आएंगे। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिया है और इसकी कुल अवधि 2 घंटे 27 मिनट रखी गई है। चिल्ड्रन्स डे के मौके पर रिलीज होने की वजह से भी फिल्म को एक फैमिली ऑडियंस मिलने की उम्मीद है।
एडवांस बुकिंग उम्मीदों से कमजोर
ट्रेलर को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद माना जा रहा था कि ‘दे दे प्यार दे 2’ मजबूत एडवांस बुकिंग हासिल करेगी, लेकिन मेकर्स रिलीज तक वह शुरुआती बज़ बनाए रखने में सफल नहीं रहे। एडवांस बुकिंग 12 नवंबर को ओपन हुई, मगर 14 नवंबर की रिलीज से कुछ घंटे पहले तक भी दर्शकों का उत्साह सीमित ही दिखाई दिया। शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने केवल 1.48 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हासिल की है, जबकि ब्लॉक सीट्स जोड़ने पर यह आंकड़ा 4.29 करोड़ रुपये तक पहुंचता है। इतनी बड़ी फ्रेंचाइजी के लिए यह आंकड़ा सामान्य से काफी कम माना जा रहा है। हालांकि त्योहार और ओपनिंग डे की ऑन-स्पॉट टिकटिंग इससे कुछ राहत दिला सकती है।
कमाई का अनुमान, क्या पीछे रह जाएगा सीक्वल?
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, एडवांस बुकिंग और मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए ‘दे दे प्यार दे 2’ की ओपनिंग 7-8 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। अगर यह भविष्यवाणी सही साबित होती है, तो फिल्म अपने पहले पार्ट की तुलना में पीछे रह जाएगी। 2019 में रिलीज हुई ‘दे दे प्यार दे’ ने पहले दिन 9.11 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया था और पहले हफ्ते में 61 करोड़ से अधिक की कमाई की थी। हालांकि सीक्वल के लिए बाजार में कोई बड़ी प्रतियोगी फिल्म मौजूद नहीं है, जिससे इसके वॉक-इन दर्शक बढ़ने की संभावना है। फिल्म की कहानी और कंटेंट पर दर्शकों की पहली प्रतिक्रिया इसके वीकेंड बिजनेस का फैसला करेगी।
बॉक्स ऑफिस पर रास्ता साफ, वीकेंड बचा सकता है खेल
फिल्म के लिए रिलीज डे पर मुकाबले में कोई बड़ी फिल्म नहीं है। हालांकि अरबाज खान की हॉरर फिल्म ‘काल त्रिघोरी’ भी उसी दिन थिएटर्स में उतरेगी, लेकिन इसका प्रभाव अजय देवगन स्टारर पर बहुत कम रहने की उम्मीद है। शुरुआती दिन भले ही 7-8 करोड़ के आसपास रहें, लेकिन अगर फिल्म को पॉजिटिव रिव्यू और वर्ड ऑफ माउथ मिलता है, तो शनिवार और रविवार को इसकी कमाई में उछाल तय माना जा रहा है। फिलहाल ट्रेड पंडितों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘दे दे प्यार दे 2’ सीक्वल सिंड्रोम को मात देकर बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह मजबूत बना पाएगी या नहीं।