हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला है। मृतक के परिजनों ने गांव में ही रहने वाले अपने चचेरे भाई पर जमीन विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नया गाँव निवासी 46 वर्षीय कमलेश कुमार रविवार सुबह घर से निकले थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने गाँव के पास एक आम के बाग़ में उनका शव पेड़ से लटकता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक के बड़े भाई लीला ने अपने चचेरे भाई रमेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लीला का कहना है कि रमेश लंबे समय से उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था और दूसरी जमीन में भी जबरन हिस्सा मांग रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी जमीन विवाद के चलते रमेश ने कमलेश की हत्या की और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। सूचना मिलने पर हरियावाँ थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।