सोशल मीडिया पर वायरल होने की दीवानगी अब जानलेवा साबित हो रही है। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने रील बनाने के चक्कर में अपनी जिंदगी को दांव पर लगा दिया। 18 वर्षीय युवक ने एक के बाद एक 7 सुतली बम मुंह में रखकर फोड़े, लेकिन 8वां बम उसके लिए मौत जैसा साबित हुआ। धमाका इतना तेज था कि उसका जबड़ा चिथड़ों में बिखर गया और चेहरा बुरी तरह झुलस गया।
रील बनाने के जुनून ने पहुंचाया अस्पताल
घटना झाबुआ जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र के बाछीखेड़ा गांव की है। बुधवार शाम गांव के कुछ दोस्तों के साथ बैठा रोहित रील बनाने के लिए मुंह में सुतली बम रखकर जलाने का करतब दिखा रहा था। उसने लगातार 7 बार ये खतरनाक स्टंट किया। दोस्तों के बीच हीरो बनने की चाह में जब उसने 8वां बम मुंह में रखा, तभी अचानक तेज धमाका हुआ और उसका पूरा जबड़ा फट गया।
चेहरे पर गहरे घाव, हालत गंभीर
धमाका इतना जोरदार था कि युवक के चेहरे के टुकड़े उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि उसका जबड़ा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और चेहरे पर गंभीर घाव हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रतलाम जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सोशल मीडिया के अंधे ट्रेंड का खौफनाक अंजाम
बताया जा रहा है कि युवक सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड की नकल कर रहा था और इसी के लिए यह खतरनाक वीडियो बना रहा था। चौकी प्रभारी ने घटना को पूरी तरह लापरवाही बताया और युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए अपनी जान से खिलवाड़ न करें।