नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेस्ट ज्योति नगर इलाके में कर्ज के बोझ तले दबे एक दंपति ने फांसी लगाकर अपनी जान दी। पुलिस को शुक्रवार तड़के करीब 12:05 बजे सूचना मिली, जिसके बाद थाना ज्योति नगर की टीम गली नंबर 5 स्थित मकान संख्या सी-41 पहुंची। फोर्थ फ्लोर पर बने किराए के मकान में पति और पत्नी अलग-अलग कमरों में मृत अवस्था में पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके को सुरक्षित किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दंपति ने भारी कर्ज का जिक्र किया है। मृतकों की पहचान अजय कुमार दीक्षित उम्र करीब 50 से 55 वर्ष और उनकी पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।
पड़ोसियों के मुताबिक दंपति पिछले करीब आठ महीने से यहां रह रहे थे और मोहल्ले में ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे। बताया गया है कि उनकी सोनिया विहार इलाके में केमिस्ट की दुकान थी। दंपति के दो बेटे हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। पड़ोसियों का कहना है कि बीते कुछ समय से दोनों काफी मानसिक तनाव में नजर आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में कर्ज के कारण यह कदम उठाए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।