December 22 weather: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। 22 दिसंबर को शीत लहर के साथ-साथ मौसम विभाग ने दो राज्यों में मध्यम से भारी बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। वहीं, मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
बारिश-बर्फबारी, पहाड़ों में बढ़ेगी मुश्किल
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। इससे ठंड और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बिगड़ सकता है। मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं का असर दिखेगा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। राजस्थान के कई हिस्सों में भी अगले दो दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है, जिससे सर्दी और तेज होगी।
यह भी देखेंःIPS officer attempts suicide: पटियाला में पूर्व IPS अधिकारी की आत्महत्या की कोशिश, गोली लगने से हालत गंभीर
घना कोहरा, 20 शहरों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कई शहरों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। यूपी के लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी सहित कई शहरों में सुबह के समय दृश्यता 100 मीटर से भी कम रह सकती है। दिल्ली में भी सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जहां तापमान 9 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है। बिहार, हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में भी हालात समान रहेंगे। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।