Deepak Chahar Bat Theft : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर इन दिनों एक अनोखी परेशानी को लेकर चर्चा में हैं. आगरा के एक प्रैक्टिस ग्राउंड में अभ्यास के दौरान उनके तीन महंगे बैट चोरी हो गए. बताया जा रहा है कि इन तीनों बैट्स की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है. घटना के बाद दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर पूरे मामले की जानकारी दी. वीडियो सामने आते ही क्रिकेट फैंस के बीच यह मामला चर्चा का विषय बन गया. चाहर ने बताया कि जब वह प्रैक्टिस कर रहे थे तभी किसी ने उनके बैट गायब कर दिए.
योगी जी के पास जाऊं या मोदी जी के पास?
बैट चोरी होने के बाद दीपक चाहर ने मजाकिया अंदाज में अपनी परेशानी जाहिर की. वीडियो में उन्होंने कहा कि समझ नहीं आ रहा कि पुलिस के पास जाऊं या फिर योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगूं. उन्होंने कहा कि चोर को शायद यह भी नहीं पता होगा कि जिन बैट्स को वह ले गया है उनकी कीमत कितनी है. दीपक ने हंसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि वह इन बैट्स से टेनिस बॉल क्रिकेट खेलना शुरू कर दे. उनके इस अंदाज को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है.
चोर को दिया खास ऑफर
दीपक चाहर ने वीडियो में चोर से एक खास अपील भी की. उन्होंने कहा कि अगर बैट ले जाने वाले व्यक्ति को पैसों की जरूरत है तो वह बैट वापस कर दे और जरूरत हो तो पैसे ले ले. उन्होंने कहा कि बैट उनके लिए बेहद खास हैं और वह उन्हें वापस पाना चाहते हैं. चाहर की यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. कई फैंस ने भी कमेंट कर बैट वापस मिलने की उम्मीद जताई है और चोर से बैट लौटाने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें : चुनाव आयोग पर घमासान के बीच BJP का पलटवार, Smriti Irani ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दीपक चाहर के पिता और कोच लोकेन्द्र चाहर के मुताबिक यह घटना आगरा के अरतौनी स्थित चाहर-डावर ग्राउंड की है. दीपक गेंदबाजी अभ्यास के लिए मैदान में गए थे और अपना किट बैग एक तरफ रख दिया था. करीब एक घंटे बाद जब वह बल्लेबाजी करने लौटे तो उनके तीनों प्लेयर एडिशन बैट गायब थे. घटना के बाद बनाया गया उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. भारत के लिए 13 वनडे और 25 टी20 मैच खेल चुके दीपक चाहर लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इस बार उनके क्रिकेट से ज्यादा उनके चोरी हुए बैट चर्चा में हैं.