Defence Minister Rajnath Singh: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को राजधानी दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग पहुंचेंगे। वह बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मौजूदा भारत-बांग्लादेश संबंधों और क्षेत्रीय हालात को देखते हुए यह कदम कूटनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का हाल ही में निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हो रही हैं। खालिदा जिया का पार्थिव शरीर उनके आवास से बांग्लादेश की संसद परिसर लाया गया, जहां उन्हें अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। बाद में उन्हें उनके पति और देश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र के पास पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
भारत की ओर से कूटनीतिक संवेदना
खालिदा जिया के निधन पर भारत सरकार की ओर से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर बांग्लादेश पहुंचे थे और उन्होंने खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शोक संदेश उन्हें सौंपा और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। इसके बाद वे अंतिम संस्कार कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
तनाव के बीच अहम संकेत
बीते कुछ समय से भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में पहले विदेश मंत्री की ढाका यात्रा और अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बांग्लादेशी दूतावास जाकर श्रद्धांजलि देना दोनों देशों के बीच संवाद और रिश्तों को संभालने की दिशा में अहम संकेत माना जा रहा है।
बांग्लादेश में हालात पर भी नजर
गौरतलब है कि बांग्लादेश में हाल के दिनों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय पर हमलों की खबरें आई हैं। इन परिस्थितियों के बीच भारत की ओर से किया गया यह कूटनीतिक कदम काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि भारत सरकार बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति पर भी करीबी नजर बनाए हुए है।