India-Canada Talks: नरेंद्र मोदी और मार्क जे कार्नी के बीच नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में अहम मुलाकात हुई। बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, व्यापार और ऊर्जा सहयोग बढ़ाने तथा रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने 2.6 अरब डॉलर के यूरेनियम आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर किए और व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को जल्द अंतिम रूप देने का निर्णय लिया।
स्टाफ बढ़ाने पर सहमति
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों देशों ने अपने मिशन और वाणिज्य दूतावासों में राजनयिक स्टाफ की संख्या को चरणबद्ध तरीके से पहले के स्तर तक बहाल करने पर सहमति जताई। वरिष्ठ स्तर की वार्ताओं को जारी रखने और संस्थागत संवाद को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
आतंकवाद विरोधी सहयोग
बैठक में आतंकवाद विरोधी संयुक्त कार्य समूह, प्रत्यर्पण प्रक्रिया और लुकआउट नोटिस जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। ट्रांसनेशनल अपराध, अवैध ड्रग्स नेटवर्क और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनी। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी विवादित मुद्दे को सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय कानूनी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत सुलझाया जाना चाहिए। कनाडा में आपराधिक तत्वों को संरक्षण मिलने के आरोपों पर भी औपचारिक तंत्र के माध्यम से कार्रवाई की बात कही गई।
यह भी देखेंःFrance makes Major Statement: ईरान तनाव के बीच फ्रांस का बड़ा बयान, खाड़ी देशों की रक्षा को तैयार
संयम की अपील
दोनों प्रधानमंत्रियों ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और कूटनीतिक समाधान अपनाने पर जोर दिया गया। भारतीय मिशन क्षेत्र में रह रहे नागरिकों के संपर्क में हैं और आवश्यक परामर्श जारी किए गए हैं।
ऊर्जा साझेदारी
सिविल न्यूक्लियर सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स और रिएक्टर वैल्यू चेन में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही टैलेंट, इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट और सांस्कृतिक सहयोग के लिए संरचित ढांचा तैयार करने का निर्णय लिया गया। दोनों देशों ने स्थिर, दीर्घकालिक और रणनीतिक संबंधों की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।