आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 7 फरवरी से टूर्नामेंट शुरू होगा और 8 मार्च को फाइनल खेला जाएगा। टीम इंडिया इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। 2024 के बाद से भारत ने टी20 फॉर्मेट में कोई सीरीज नहीं गंवाई है, जिससे टीम का आत्मविश्वास साफ नजर आता है। घरेलू हालात में खेले जाने वाला यह वर्ल्ड कप भारत के लिए खास माना जा रहा है।
ऋषभ पंत को है खिताब बचने का भरोसा
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को पूरा भरोसा है कि भारत इस बार भी खिताब अपने नाम कर सकता है। उन्होंने कहा कि टीम का माइंडसेट हमेशा जीत पर रहता है। पंत ने माना कि भारत को होम एडवांटेज जरूर मिलेगा, लेकिन किसी भी विरोधी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उनके मुताबिक हर मैच में पूरी ताकत झोंकनी होगी।
सूर्या की कप्तानी और अर्शदीप की गेंदबाजी
ऋषभ पंत ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सूर्या की सबसे बड़ी ताकत उनकी एनर्जी है। वह हमेशा गेम में एक्टिव रहते हैं और टीम को आगे बढ़ाते हैं। पंत ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी टीम का अहम हथियार बताया और कहा कि मौका मिलने पर वह हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते हैं।
टी20 में आजादी सबसे जरूरी
पंत का मानना है कि टी20 क्रिकेट में खिलाड़ियों को पूरी आजादी मिलना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहले भारतीय क्रिकेट में यह सोच कम दिखती थी, लेकिन अब खेल बदल चुका है। खिलाड़ी अब निडर होकर खेलना चाहते हैं और टीम इंडिया उसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है। उनके मुताबिक खेल के साथ सोच बदलना जरूरी है, तभी आप पीछे नहीं रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Pakistan नहीं भारत तैयार, Surya का दो टूक संदेश, World Cup से पहले कप्तानों की 'जुबानी' ने बढ़ाया सस्पेंस !
निडर क्रिकेट खेल रही है टीम इंडिया
ऋषभ पंत ने कहा कि अब वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट तेजी से बदल रहे हैं। पहले 250 या 300 रन सुरक्षित माने जाते थे, लेकिन अब ये स्कोर भी काफी नहीं होते। उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम पूरी आजादी के साथ निडर क्रिकेट खेल रही है। यही वजह है कि उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है।
चुनौती होंगी बड़ी टीमें, लेकिन भरोसा भारत पर
पंत ने माना कि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमें भारत के लिए बड़ी चुनौती बन सकती हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि अगर भारत अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेले, तो किसी भी टीम को हरा सकता है। टी20 क्रिकेट की खासियत बताते हुए पंत ने कहा कि इस फॉर्मेट में एक खिलाड़ी भी मैच पलट सकता है। यही वजह है कि वर्ल्ड कप में रोमांच आखिरी गेंद तक बना रहेगा।