दिल्ली में सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राजधानी के सभी 156 टोल नाकों पर जल्द ही मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू किया जाएगा। इस नई तकनीक के बाद टोल प्लाजा पर बैरियर नहीं रहेगा और वाहन बिना रुके सीधे निकल सकेंगे। टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा, जिससे समय की बचत होगी और ट्रैफिक जाम भी कम होगा।
कैसे करेगा नया सिस्टम काम?
नई व्यवस्था में फास्टैग और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी ANPR तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। जैसे ही कोई वाहन टोल से गुजरेगा, कैमरे उसकी नंबर प्लेट पहचान लेंगे और फास्टैग के जरिए टोल अपने आप कट जाएगा। इसके लिए वाहन चालक को कहीं रुकने या नकद भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फैसला
दिल्ली नगर निगम ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए एमसीडी कानून में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार उठाया गया है। नई तकनीक लागू होने के बाद राजधानी के टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम में बड़ी कमी आने की उम्मीद है।
ये भी पढे़ं : शराब से छलकी Delhi सरकार की तिजोरी... सिर्फ 3 महीने में 1038 करोड़ की कमाई
नियम तोड़े तो लगेगा भारी जुर्माना
नई व्यवस्था में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती भी बढ़ेगी। अगर कोई वाहन चालक खराब या पढ़ने में मुश्किल नंबर प्लेट का इस्तेमाल करता है या टोल कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करता है, तो उसे प्रति प्रवेश टोल शुल्क का पांच गुना तक जुर्माना देना पड़ सकता है। पहले ऐसे मामलों में अधिकतम 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाता था।
कमर्शियल वाहनों पर असर पड़ेगा
नए नियमों के तहत कमर्शियल वाहनों के बेसिक टोल रेट में हर साल पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकेगी। जरूरत पड़ने पर अलग-अलग श्रेणी के ट्रकों और भारी वाहनों का टोल शुल्क अधिकतम 2,000 रुपये तक बढ़ाने का अधिकार भी निगम के पास होगा। इससे पहले पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क में भी बढ़ोतरी की जा चुकी है।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
नई हाईटेक व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सफर पहले से ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक होगा। साथ ही ट्रैफिक जाम कम होने से ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।