100 Atal canteens: दिल्ली सरकार ने अटल कैंटीन योजना के तहत आठ महीने के भीतर 100 कैंटीन शुरू करने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। इन कैंटीनों के जरिए दिल्ली में गरीब, श्रमिक, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों और जरूरतमंदों को महज 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार के अनुसार, सभी 100 कैंटीनों की कुल क्षमता प्रतिदिन करीब एक लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की है। यह योजना पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अंत्योदय और जनसेवा की भावना को समर्पित है। योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर की गई थी।
25 नई कैंटीन का हुआ शुभारंभ
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर 16 अगस्त को पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद की मौजूदगी में 25 नई अटल कैंटीन का उद्घाटन किया। इनमें से एक कैंटीन दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के पास भी शुरू की गई है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कैंटीन में भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय क्षेत्र में रहने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी अब कम कीमत पर पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
गरीब और श्रमिक वर्ग को मिलेगा सीधा लाभ
पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने 100 अटल कैंटीन शुरू होने को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गरीबों, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों, श्रमिकों और रोजगार के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली आने वाले लोगों को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने भी कहा कि अटल कैंटीन केवल सस्ता भोजन देने की योजना नहीं है, बल्कि दिल्ली के निर्माण में योगदान देने वाले मेहनतकश लोगों के सम्मान से जुड़ी पहल है।
यह भी देखेंःE-Cabinet System In Delhi: दिल्ली में लागू होगी ई-कैबिनेट प्रणाली, कागजी फाइलों से मिलेगी मुक्ति
5 रुपये में मिलेगा पौष्टिक भोजन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा होना सरकार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे अटल बिहारी वाजपेयी के अंत्योदय के विचारों को आगे बढ़ाने वाली योजना बताया। कैंटीनों में प्रतिदिन बिना अवकाश के 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार के अनुसार, योजना शुरू होने के बाद अब तक करीब 95 लाख सब्सिडी वाले भोजन लोगों को दिए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय क्षेत्र में शुरू की गई कैंटीन से छात्रों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
सालाना 3.65 करोड़ थाली उपलब्ध कराने की क्षमता
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) की ओर से संचालित इन 100 कैंटीनों की क्षमता सालाना करीब 3.65 करोड़ भोजन उपलब्ध कराने की है। सरकार के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दौरान 100 अटल कैंटीन शुरू करने का वादा किया गया था, जिसे निर्धारित समय से पहले आठ महीने में पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी योजनाओं के जरिए सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसेवा की योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में किसी जरूरतमंद को भोजन को लेकर परेशानी न उठानी पड़े।