दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में देर रात लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के क्वार्टर में स्थित एक फ्लैट में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पांचवीं मंजिल पर मौजूद फ्लैट आग का गोला बन गया। दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देर रात मिली आग की सूचना
दमकल विभाग को मंगलवार देर रात करीब 2:39 बजे आग लगने की सूचना मिली। बताया गया कि आदर्श नगर स्थित डीएमआरसी क्वार्टर की पांचवीं मंजिल पर एक फ्लैट से तेज लपटें और धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
आग बुझाने के बाद सामने आया दिल दहला देने वाला दृश्य
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद जब फ्लैट के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया तो एक कमरे से तीन जले हुए शव बरामद हुए। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।
मृतकों की पहचान, पूरा परिवार खत्म
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 42 वर्षीय अजय विमल, उनकी पत्नी नीलम और 10 साल की बेटी जाह्नवी के रूप में हुई है। तीनों एक ही फ्लैट में रह रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने के दौरान परिवार को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
घरेलू सामान से भड़की आग, कारणों पर सस्पेंस
दमकल अधिकारियों के अनुसार आग घरेलू सामान में लगी थी, लेकिन आग लगने की असली वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। शॉर्ट सर्किट, गैस लीक या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
रेस्क्यू के दौरान दमकल कर्मी भी घायल
आग बुझाने के दौरान एक दमकल कर्मी राकेश भी घायल हो गए। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई और छुट्टी दे दी गई। दमकल विभाग ने बताया कि आग काफी विकराल थी, जिससे रेस्क्यू में काफी कठिनाई आई।
पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी। साथ ही, फ्लैट और इमारत की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।