Delhi Air Pollution: दिल्ली और एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताते हुए बड़ा निर्देश जारी किया है। राजधानी में हवा बेहद खराब स्तर पर पहुंच चुकी है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कोर्ट ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) से कहा है कि वह स्कूलों में होने वाली आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं को आगामी सुरक्षित महीनों तक के लिए टालने के निर्देश जारी करे। कोर्ट ने टिप्पणी की कि वर्तमान स्थिति बच्चों को गैस चैंबर में भेजने जैसी है, इसलिए ऐसी गतिविधियों पर रोक जरूरी है।
स्कूलों में आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं पर रोक
सुनवाई के दौरान न्यायमित्र ने बताया कि नवंबर–दिसंबर के सबसे प्रदूषित महीनों में भी कई स्कूल खेल प्रतियोगिताएं करा रहे हैं। इस पर CJI बी.आर. गवई और जस्टिस विनोद चंद्रन की बेंच ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए CAQM त्वरित निर्देश जारी करे। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जब प्रदूषण चरम पर हो तो उससे निपटने के बजाय उसकी नियमित निगरानी और सख्त अमल की जरूरत है।
हर महीने होगी प्रदूषण पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता से जुड़े मामलों की अब मासिक आधार पर सुनवाई होगी, ताकि केंद्र, CAQM और राज्यों द्वारा उठाए गए कदमों की निरंतर समीक्षा की जा सके। केंद्र सरकार ने अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपायों का रोडमैप पेश किया, जिनमें धूल नियंत्रण, एंटी-स्मॉग गन और अन्य एक्शन प्लान शामिल हैं। कोर्ट ने NCR के सभी राज्यों को निर्देश दिया कि वे अपनी कार्रवाई रिपोर्ट अदालत में पेश करें। इस मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को निर्धारित की गई है।