दिल्ली में वायु गुणवत्ता के लगातार बिगड़ने के बाद ग्रैप-3 लागू कर दिया गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 354 दर्ज किया गया। इसके बाद ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के चरण-3 के तहत कड़े प्रतिबंधों को तुरंत प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया गया।
सभी कार्रवाइयों को पूरी सख्ती के साथ लागू करें
अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय पहले से लागू ग्रैप के चरण-1 और चरण-2 के लागू होने के अतिरिक्त है। इस तरह से वायु गुणवत्ता को और अधिक खराब होने से रोका जा सके। सीएक्यूएम के अनुसार, ग्रैप पर गठित उप-समिति ने दिल्ली-एनसीआर में सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे ग्रैप के चरण-3 के तहत तय सभी कार्रवाइयों को पूरी सख्ती के साथ लागू करें।
राजधानी में प्रवेश की अनुमति न दें
पैनल ने चरण-3 की प्रतिक्रिया के कुछ प्रावधानों को और कठोर बनाते हुए यह अनिवार्य किया है कि दिल्ली सरकार (जीएनसीटीडी) दिल्ली के बाहर पंजीकृत बीएस-IV डीजल संचालित हल्के वाणिज्यिक वाहनों (एलसीवी) को राजधानी में प्रवेश की अनुमति न दे, सिवाय उन वाहनों के जो आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति या आवश्यक सेवाएं प्रदान कर रहे हों। उल्लेखनीय है कि वायु गुणवत्ता का ‘गंभीर स्तर’ 401 से 450 के बीच माना जाता है। दिल्ली में बीते कई माह से वायु गुणवत्ता सूचकांक तेजी से नीचे गिरा है। कुछ दिनों पहले बारिश् के कारण वातावरण में प्रदूषण के स्तर में सुधार आया था। मगर एक बार फिर से ऐसे हालात बन चुके हैं।