दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) में दिक्कत पेश आने की खबरें सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि एटीसी सिस्टम में समस्या आने के कारण उड़ानों की आवाजाही में देरी हो रही है. इसकी वजह से दिल्ली में 100 से ज्यादा उड़ानों में देरी हो चुकी है और हजारों यात्री परेशान हैं.
ATC में आई दिक्कत ठीक कर रही टीमें
वहीं दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी किए गए एक बयान में बताया गया है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी दिक्कत के चलते IGI एयरपोर्ट पर विमान संचालन में देरी हो रही है. इस समस्या को दूर करने के लिए टीमें सक्रियता से काम में लगी हुई हैं. असुविधा के लिए खेद जाहिर करते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने एयरलाइंस के साथ संपर्क में रहे.
मैन्युअली प्रोसेस हो रहे कंट्रोलर फ्लाइट प्लान्स
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से जानकारी देते हुए बताया गया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन में देरी हो रही है क्योंकि ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में तकनीकी समस्या आ गई है. फिलहाल कंट्रोलर फ्लाइट प्लान्स को मैन्युअली प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे कुछ देरी हो रही है. इसके साथ ही तकनीकी टीमें सिस्टम को जल्द से जल्द बहाल करने पर काम कर रही हैं.
ATC सिस्टम में दिक्कत के कारण विमान संचालन में देरी
विमानन कंपनी इंडिगो ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बताया कि एटीसी सिस्टम में तकनीकी दिक्कत की वजह से विमान संचालन में देरी हो रही है. कंपनी ने बताया कि दिल्ली के अलावा कई उत्तरी भारत के कई एयरपोर्ट पर असर पड़ा है. इंडिगो ने कहा कि जमीन पर मौजूद और सवार हो चुके यात्रियों को अधिक इंतजार करना पड़ रहा है. विमानन कंपनी ने कहा कि क्रू और ग्राउंड टीम यात्रियों की मदद करने में लगी हुई हैं.
एयर इंडिया ने भी दी यात्रियों को समस्या की जानकारी
इसी तरह से एयर इंडिया ने भी अपने ग्राहकों को तकनीकी दिक्कत की जानकारी देते हुए बताया है कि सभी विमानन कंपनियों की फ्लाट्स में देरी हो रही है. यात्रियों को एयरपोर्ट पर और विमान में सवार होने के बाद काफी इंतजार करना पड़ रहा है. कंपनी ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले फ्लाइट का स्टेट्स चेक कर लें.