दिल्ली की सड़कों पर आज से बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। अब टोल प्लाजा पर गाड़ियों की लंबी कतारें और बैरियर पर रुकने की मजबूरी खत्म होने जा रही है। राजधानी में पहली बार बैरियर लेस टोल सिस्टम शुरू किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत वाहन बिना रुके सीधे टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे और टोल अपने आप कट जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे लोगों का समय बचेगा और सफर पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
नितिन गडकरी ने की शुरुआत
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से इस नई व्यवस्था की शुरुआत की। यह नया सिस्टम अर्बन एक्सटेंशन रोड-दो यानी यूईआर-दो पर लगाया गया है। इसे मल्टी-लेन फ्री फ्लो बैरियर लेस टोलिंग सिस्टम कहा जा रहा है। सरकार इसे देश के हाईवे सिस्टम में बड़ा तकनीकी बदलाव मान रही है। आने वाले समय में इसे दूसरे शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी लागू किया जाएगा।
कैसे काम करेगा सिस्टम
इस नई तकनीक में वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। जब कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरेगा तो वहां लगे हाईटेक कैमरे फास्टैग को स्कैन कर लेंगे। इसके बाद टोल राशि सीधे खाते से कट जाएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि यहां कोई बैरियर बंद नहीं रहेगा। वाहन लगातार चलते रहेंगे और टोल कटता रहेगा। इससे ट्रैफिक की रफ्तार बनी रहेगी और टोल प्लाजा पर रुकने की परेशानी खत्म हो जाएगी।
ये भी पढे़ं : Delhi में खत्म होगी पिंक टिकट व्यवस्था, जुलाई से Smart Card से ही मिलेगा फ्री सफर
लंबे जाम से मिलेगी राहत
दिल्ली और एनसीआर में टोल प्लाजा पर अक्सर भारी जाम देखने को मिलता है। कई बार लोगों को सिर्फ टोल पार करने में ही काफी समय गंवाना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है। वाहन बिना रुके निकलेंगे तो फ्यूल की बचत भी होगी। साथ ही प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि इससे सफर का समय कम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सूरत में हुआ था ट्रायल
इससे पहले इस सिस्टम का ट्रायल गुजरात के सूरत में किया गया था। वहां से मिले अनुभव के बाद अब इसे दिल्ली में लागू किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती चरण में इस सिस्टम की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि तकनीकी दिक्कतों को तुरंत दूर किया जा सके। अगर दिल्ली में यह प्रयोग सफल रहा तो धीरे-धीरे इसे देश के दूसरे हिस्सों में भी लागू किया जाएगा।
पूरे देश में होगा विस्तार
सरकार की योजना आने वाले समय में देश के ज्यादातर राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैरियर लेस टोलिंग सिस्टम लागू करने की है। इससे यात्रियों को टोल प्लाजा पर लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सड़क परिवहन मंत्रालय का मानना है कि यह भारत के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। नई तकनीक से न सिर्फ यात्रा आसान होगी बल्कि हाईवे पर ट्रैफिक प्रबंधन भी पहले से बेहतर हो सकेगा।