राजधानी में हुए धमाके के बाद पूरे पुराने दिल्ली इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर फैलते ही बाजारों में दहशत का माहौल बन गया। सिर्फ आधे घंटे में चांदनी चौक, दरियागंज, सदर बाजार, खारी बावली और फतेपुरी जैसे प्रमुख बाजारों के शटर गिर गए। धमाके की खबर सुनते ही व्यापारी और ग्राहक दोनों ही घबराकर भागने लगे। चांदनी चौक के होटल और रेस्तरां में बैठे लोग खाना अधूरा छोड़कर बाहर निकल पड़े।
होटल संचालकों ने भी एहतियातन तुरंत शटर गिरा दिए। कपड़ा मार्केट के एक व्यापारी ने बताया, “धमाके के बाद पूरे बाजार में डर फैल गया। सभी को यही डर था कि कहीं किसी और इलाके में भी धमाका न हो जाए। पुराने अनुभवों को देखते हुए दुकानदारों ने बिना देर किए दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं।” लालकिला के पास स्थित भगीरथ पैलेस मार्केट में भी स्थिति कुछ अलग नहीं थी। दुकानदार ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लगा जैसे भूकंप आ गया हो।
दुकानों में रखा सामान तक हिलने लगा और सभी दुकानदार बाहर निकल आए। उन्होंने कहा, “सर्दियों में वैसे भी बाजार जल्दी बंद हो जाते हैं, लेकिन आज डर के माहौल में आधे घंटे पहले ही पूरा बाजार बंद हो गया।” धमाके के बाद पुरानी दिल्ली सन्नाटे में डूब गई। लोग हर तरफ से भागते नजर आए और हर किसी की कोशिश बस यही थी — किसी तरह जल्दी से जल्दी घर पहुंचा जाए। “धमाके की आवाज से पूरा बाजार कांप उठा, लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही सन्नाटा छा गया” स्थानीय व्यापारी ने कहा।