दिल्ली धमाके की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब एजेंसियों की निगाहें डॉक्टर आदिल अहमद की शादी में शामिल हुए लोगों पर टिक गई हैं। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां उन सभी लोगों की लिस्ट तैयार कर रही हैं जो पिछले महीने कश्मीर में हुई आदिल की शादी में शामिल हुए थे। इनसे जल्द ही पूछताछ की जाएगी ताकि आतंक साजिश के हर तार को जोड़ा जा सके।
शादी में पहुंचे डॉक्टर और स्टाफ अब रडार पर
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले डॉक्टर आदिल अहमद को 7 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। वह अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में काम करता था। पिछले महीने 4 अक्टूबर को उसने कश्मीर में शादी की थी और शादी में अस्पताल के कई डॉक्टर और स्टाफ मेंबर भी शामिल हुए थे। अब वही लोग एजेंसियों के रडार पर हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां इन सभी की सूची तैयार कर रही हैं और जल्द ही उनसे पूछताछ की जाएगी। जांच का मकसद यह जानना है कि कहीं इस शादी में आतंक मॉड्यूल से जुड़ा कोई और व्यक्ति तो मौजूद नहीं था।
एजेंसियों की पड़ताल कश्मीर से सहारनपुर तक
आदिल की गिरफ्तारी के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने पश्चिमी यूपी और कश्मीर दोनों जगह जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि शादी में शामिल कश्मीर के कुछ मेहमानों की पहचान भी की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह शादी किसी आतंकी नेटवर्क के संपर्क बिंदु के रूप में इस्तेमाल की गई थी।
सहयोगियों के बयान से एजेंसियां सतर्क
डॉ आदिल के सहयोगी डॉक्टर बाबर ने बताया कि वह बेहद शांत स्वभाव का व्यक्ति था और शादी में सामान्य तरीके से बुलाया गया था। उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी। हालांकि अब जब उसका नाम धमाके की साजिश में सामने आया है, अस्पताल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण है।
आदिल ने बीमारी का बहाना बनाकर ली थी छुट्टी
आदिल ने अस्पताल प्रबंधन को बताया था कि उसकी मां बीमार है, इसलिए वह घर जा रहा है। लेकिन गिरफ्तारी के बाद यह साफ हो गया कि वह किसी बड़ी साजिश में शामिल था। फरीदाबाद में मिले विस्फोटक और हथियारों के जखीरे से यह शक गहरा गया है कि आदिल पश्चिमी यूपी में किसी आतंकी नेटवर्क को सक्रिय करने की कोशिश कर रहा था।