Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। शाम 6:50 बजे एक चलती हुई हुंडई i20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और एनआईए ने केस की जांच अपने हाथ में ले ली है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि ब्लास्ट में अमोनियम नाइट्रेट और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
धमाके से पहले मस्जिद में गया था संदिग्ध उमर
सूत्रों के अनुसार, ब्लास्ट के मुख्य संदिग्ध डॉक्टर उमर मोहम्मद को घटना से पहले कमला नगर मार्केट की एक मस्जिद में देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज में वह करीब 10 मिनट तक वहां रुका था और फिर लाल किला इलाके की ओर रवाना हुआ। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसने मस्जिद में किससे मुलाकात की और क्या वहां कोई सामान या संदेश लिया। बताया जा रहा है कि उमर का फरीदाबाद के आतंकी मॉड्यूल से संबंध है, जिसकी कड़ियाँ जैश-ए-मोहम्मद से भी जुड़ रही हैं।
यह भी देखेंःDelhi Red Fort Blast: लाल इकोस्पोर्ट कार पर पुलिस का अलर्ट, कश्मीर कनेक्शन की जांच
राजधानी में हाई अलर्ट, जांच जारी
गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और साफ कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी है और लाल किला क्षेत्र सहित आसपास की सड़कों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह आत्मघाती हमला था या समय से पहले हुआ विस्फोट। पूरे देश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां अब इस मामले को आतंकी नेटवर्क से जोड़कर देख रही हैं।