Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने इसे एक आतंकी हमला करार दिया। बैठक में घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे राष्ट्र-विरोधी ताकतों की कायराना हरकत बताया गया। कैबिनेट ने आतंकवाद के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति को दोहराया और जांच एजेंसियों को पूरी तत्परता और पेशेवर तरीके से जांच पूरी करने के निर्देश दिए।
पीएम मोदी ने घायलों से की मुलाकात
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने दो मिनट का मौन रखकर blast में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने एलएनजेपी अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और कहा कि इस साजिश में शामिल हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
यह भी देखेंःDelhi Red Fort Blast: लाल इकोस्पोर्ट कार पर पुलिस का अलर्ट, कश्मीर कनेक्शन की जांच
जम्मू-कश्मीर में 500 ठिकानों पर छापेमारी
दिल्ली ब्लास्ट के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने देशभर में कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने आतंकियों के नेटवर्क और जमात-ए-इस्लामी सहित प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े लोगों के 500 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। एजेंसियां अब इस हमले के पीछे सक्रिय आतंकी तंत्र, फंडिंग चैनल और विदेशी कनेक्शन की जांच में जुटी हैं। सरकार का कहना है कि किसी भी कीमत पर देश की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।