दिल्ली में लाल किले के पास हुए भीषण धमाके से पूरा देश दहल गया है। इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत और 25 के घायल होने की पुष्टि हुई है। अब जांच में एक बड़ा खुलासा सामने आया है—दिल्ली ब्लास्ट से पहले मध्यप्रदेश से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया था, जो ISIS से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों युवक दिल्ली-एनसीआर सहित कई शहरों में बड़ा हमला करने की तैयारी में थे।
राजगढ़ से गिरफ्तार हुआ ISIS लिंक वाला युवक
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से 26 वर्षीय कामरान कुरैशी को 8 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि उसने अवैध हथियार खरीदे थे और दिल्ली में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था। कामरान ISIS के ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल था।
भोपाल से पकड़ा गया आत्मघाती साजिशकर्ता अदनान
18 अक्टूबर को राजधानी भोपाल से सैयद अदनान नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। वह करोंद इलाके में रहता था और सीए की पढ़ाई कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि अदनान आत्मघाती हमलों की ट्रेनिंग ले रहा था। उसके पास से कई संदिग्ध वस्तुएं और डिजिटल डेटा बरामद किया गया, जो उसके विदेशी हैंडलर्स से संपर्क की पुष्टि करता है।
IED ब्लास्ट की साजिश थी तैयार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी देशभर में IED ब्लास्ट कर भय का माहौल फैलाने की योजना बना रहे थे। यह साजिश कई महीनों से चल रही थी। गुप्त जानकारी के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने कई जगह छापेमारी भी की थी, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली में यह बड़ा धमाका हो गया।
सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप
दिल्ली धमाके के बाद पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। विशेषकर मध्यप्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। जांच एजेंसियां अब इस बात की तहकीकात कर रही हैं कि क्या इन गिरफ्तार आतंकियों का सीधा संबंध लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से है।