दिल्ली कार ब्लास्ट मामले को लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल लखनऊ एंटी टेररिज्म स्क्वॉड द्वारा लखनऊ में रह रहे परवेज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके साथ ही एटीएस ने परवेज के घर पर छापेमारी भी की है. परवेज के घर पर एटीएस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान कई अहम चीजें मिली हैं. जिसमें सीक्रेट डिवाइस और हथियार शामिल हैं. बताया जा रहा है कि एटीएस को परवेज के पास से 6 कीपैड फोन और सिम मिले हैं, जिससे वो जम्मू और विदेश के लोगों से बातचीत करता था.
4 घंटे चली एटीएस की छापेमारी
वहीं खुफिया एजेंसियों ने तकरीबन 4 घंटे तक परवेज के घर में छापेमारी की कार्रवाई की है. एटीएस ने पड़ोसियों से भी परवेज के बारे में जानकारी जुटाई है. ऐसा माना जा रहा है कि परवेज को भनक लग गई थी कि वो अपने साथियों के साथ पकड़ा जा सकता है. इसके बाद ही वो अपने घर से भाग गया था.
ATS ने परवेज के साथियों से भी की पूछताछ
इसके साथ ही लखनऊ एटीएस ने परवेज के करीबियों के बारे में भी पता लगाया है. सूत्रों के मिली जानकारी के अनुसार एटीएस की टीम ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में भी परवेज के साथियों से पूछताछ की थी. वहीं परवेज हृदय रोग विशेषज्ञ हैं और उनके घर से कुछ कागजात भी मिले हैं. एटीएस ने लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. इससे ये भी पता चल जाएगा कि परवेज ने कुछ डीलीट किया है या नहीं.
परवेज ने एक हफ्ते पहले दिया इस्तीफा
इंट्रीगल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर मोहम्मद हासिर सिद्दीकी का कहना है कि डॉ. परवेज ने एक हफ्ते पहले ही अपने संस्थान से इस्तीफा दे दिया था, वे मेडिसिन डिपार्टमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे और उन्होंने एक हफ्ते पहले ही संस्थान छोड़ दिया है.