
Delhi BMW accident: दिल्ली के धौला कुआं फ्लाईओवर पर हुए BMW हादसे ने वित्त मंत्रालय के डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की जान ले ली और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब नवजोत सिंह और उनकी पत्नी गुरुद्वारा बंगला साहिब से लौट रहे थे। पीछे से आ रही तेज रफ्तार BMW ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह डिवाइडर से टकराकर उछली और पास से गुजर रही एक बस से जा भिड़ी। महज 13 दिन पहले उनकी शादी की सालगिरह मनाई गई थी और दो दिन बाद बेटे का जन्मदिन था, लेकिन खुशियों से भरा घर अचानक मातम में डूब गया।
20 किलोमीटर दूर क्यों ले जाया गया?
चश्मदीदों के अनुसार BMW महिला चला रही थी और उसके साथ उसका पति भी मौजूद था। हादसे के बाद घायल दंपति को नजदीकी बड़े अस्पतालों—एम्स, सफदरजंग या वेंकटेश्वर—की बजाय 20 किलोमीटर दूर स्थित एक छोटे अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि इसी देरी और अव्यवस्था ने नवजोत सिंह की जान ले ली। छोटे अस्पताल में न तो सुविधाएं थीं, न ही सही इलाज मिला। पत्नी संदीप कौर के सिर पर 14 टांके आए और कई हड्डियां टूटीं, लेकिन उन्हें उचित इलाज तक नहीं दिया गया। परिवार ने बाद में खुद उन्हें वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी देखेंःPF withdrawal before Diwali: दिवाली से पहले पीएफ निकालना होगा आसान, एटीएम से मिलेगी सुविधा
अधूरा रह गया बेटे का जन्मदिन
नवजोत सिंह वित्त मंत्रालय में डिप्टी डायरेक्टर थे, लेकिन हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन का रवैया परिजनों के लिए और पीड़ा देने वाला रहा। मृतक की मां गुरपाल कौर ने सवाल उठाया कि जब इतने बड़े अफसर के साथ ऐसी लापरवाही हो सकती है तो आम आदमी की हालत क्या होगी। नवजोत का इकलौता बेटा, जिसका जन्मदिन 16 सितंबर को था, पिता के साथ जश्न मनाने की जगह उनकी अर्थी देखने को मजबूर हो गया। परिवार का कहना है कि यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही और संभवतः सच्चाई छुपाने की कोशिश का परिणाम है।