सोमवार दोपहर दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया जब लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें खालिस्तानी ग्रुप का नाम लिखा बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई और दोनों जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पूरे इलाके में सतर्कता का माहौल है।
तुरंत शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
धमकी मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। लाल किला परिसर के अंदर और बाहर गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। आसपास के इलाके को भी घेर लिया गया ताकि किसी तरह की चूक न हो। सुरक्षा एजेंसियां हर कोने की जांच कर रही हैं।
दोनों परिसरों को कराया गया खाली
एहतियात के तौर पर लाल किला परिसर को खाली करा लिया गया। वहीं आईटीओ के पास स्थित दिल्ली सचिवालय में काम कर रहे कर्मचारियों को भी तुरंत बाहर निकलने को कहा गया। वहां भी पुलिस ने जांच अभियान शुरू कर दिया है। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
साइबर सेल जुटी जांच में
ईमेल किसने भेजा और कहां से भेजा गया, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगाया गया है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या पहले भी इसी नाम से कोई धमकी भेजी गई थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मेल के पीछे कौन है और उसका मकसद क्या हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : El Mencho की मौत के बाद खुलेंगे राज, कितनी थी ड्रग साम्राज्य की दौलत और अब किसके हाथ जाएगी कमान?
सुबह स्कूलों को भी मिली थी धमकी
इसी दिन सुबह दिल्ली के दो स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को ईमेल मिला था। दोनों स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया और सुरक्षा जांच की गई। वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।