Delhi BRICS Summit : BRICS सम्मेलन के चलते 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। भारत मंडपम में दुनिया के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए राजधानी के कई हिस्सों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। शहर भर में अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
दिल्ली सरकार ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्कूल, कॉलेज और कई सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फैसला किया है। भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में कर्मचारियों की आवाजाही भी सीमित की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
मेट्रो सेवा पर क्या असर?
दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए राहत की खबर है। डीएमआरसी के अनुसार सभी मेट्रो लाइनें और स्टेशन सामान्य रूप से संचालित होते रहेंगे। फिलहाल किसी भी रूट पर सेवा रोकने या स्टेशन बंद करने का आदेश नहीं है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो संग्रहालय 13 सितंबर तक बंद रहेगा और 15 सितंबर से दोबारा खुलेगा।
ये भी पढ़ें : 8वें वेतन आयोग में सिर्फ 31% बढ़ेगी सैलरी? नए फॉर्मूले ने कर्मचारियों और पेंशनर्स की बढ़ाई चिंता
बाजार खुले, लेकिन सावधानी जरूरी
कनॉट प्लेस, खान मार्केट, चांदनी चौक, सदर बाजार समेत दिल्ली के प्रमुख बाजार खुले रहेंगे। हालांकि कई सड़कों पर डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू हैं। ऐसे में खरीदारी या अन्य काम से निकलने वाले लोगों को पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लेनी चाहिए।
अमृत उद्यान भी रहेगा बंद
राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 13 सितंबर तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इसके अलावा राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाली ‘चेंज ऑफ गार्ड’ परंपरागत समारोह भी इस दौरान नहीं होगा। सुरक्षा कारणों से आम नागरिकों की पहुंच सीमित रखी गई है।
उड़ानों पर विशेष प्रतिबंध
दिल्ली और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के हवाई क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है। कुछ श्रेणी की उड़ानों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए हैं। नियमित वाणिज्यिक उड़ानें जारी रहेंगी, लेकिन विशेष विमान संचालन के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल की मंजूरी आवश्यक होगी। वहीं सफदरजंग और रोहिणी हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।