Delhi Cheap Flats 2026: राजधानी दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने जनता आवास योजना शुरू की है, जिसके तहत ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लोगों को किफायती दामों पर फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी 2026 से शुरू होगी।
144 EWS फ्लैट्स, 12.63 लाख से शुरू कीमत
DDA की इस योजना के तहत कुल 144 ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स शामिल हैं, जिन्हें निजी बिल्डरों द्वारा तैयार कर प्राधिकरण को सौंपा गया है। द्वारका रोड पर स्थित फ्लैट्स का आकार लगभग 29 से 31 वर्ग मीटर है और इनकी कीमत करीब 12.63 लाख से 13 लाख रुपये के बीच रखी गई है। वहीं छतरपुर रोड पर बने फ्लैट्स का साइज बड़ा है, जो करीब 45 से 48 वर्ग मीटर तक है और इनकी कीमत 23 से 24 लाख रुपये के आसपास तय की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन, क्या हैं शर्तें
इस योजना का लाभ वही लोग उठा सकेंगे, जिनकी पारिवारिक सालाना आय 10 लाख रुपये से अधिक नहीं है। अपार्टमेंट परिसर में कवर और अनकवर्ड दोनों तरह की पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी 2026 से शुरू होकर 7 फरवरी 2026 तक चलेगी, जबकि फ्लैट्स का ड्रॉ 13 फरवरी 2026 को निकाला जाएगा। आवेदन के लिए सिर्फ 2,500 रुपये का पंजीकरण शुल्क रखा गया है।
दिल्ली में सस्ता घर लेने का सुनहरा मौका
DDA की यह योजना उन लोगों के लिए खास मौका मानी जा रही है, जो महंगे रियल एस्टेट बाजार में अपना घर खरीदने में असमर्थ हैं। कम कीमत, तय समयसीमा और पारदर्शी ड्रॉ सिस्टम के जरिए दिल्ली में अपना ‘स्वीट होम’ पाने का यह एक बड़ा अवसर है।