नई दिल्ली। दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसने न्यायालय की कार्यवाही को करीब 20 मिनट के लिए ठप कर दिया। एक डॉक्टर ने भरी अदालत में न्यायाधीश के आसन के पास चावल फेंक दिए, जिसे वहां मौजूद वकीलों ने काला जादू की कोशिश माना। इस हरकत पर अदालत ने आरोपी डॉक्टर को कोर्ट उठने तक कारावास और 2,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
मामला उस समय का है जब विशेष न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई चल रही थी। आरोपी डॉक्टर चंदर विभास अचानक चावल लेकर न्यायाधीश के आसन के पास पहुंचे और उन्हें फर्श पर बिखेर दिया। वहां मौजूद अधिवक्ता और स्टाफ चौंक गए। पूछताछ में डॉक्टर ने कहा कि चावल गलती से हाथ से गिर गए, लेकिन वह यह नहीं बता सके कि अदालत में चावल क्यों लाए थे।
पहले भी मिली थी चावल की ‘निशानी’
अदालत स्टाफ ने खुलासा किया कि इससे पहले भी एक दिन, जब न्यायाधीश छुट्टी पर थीं, कोर्ट रूम में चावल बिखरे मिले थे। इस घटना के बाद वकीलों में डर का माहौल बन गया और कई लोग न्यायाधीश के आसन के पास जाने से कतराने लगे।
कोर्ट की सख्त टिप्पणी
न्यायाधीश ने कहा कि कोर्ट रूम एक ऐसा स्थान है जहां अनुशासन और गरिमा सर्वोपरि है। एक शिक्षित व्यक्ति से इस तरह का आचरण चौंकाने वाला है। अदालत ने आरोपी को चावल खुद इकट्ठा करने का आदेश दिया, इसके बाद सफाईकर्मी बुलाकर सफाई कराई गई।