Delhi Crime News: दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची स्पोर्ट्स पीरियड के बाद क्लासरूम में लौटी थी। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। स्कूल प्रशासन ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुबह 9:52 बजे मिली पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को स्कूल में एक छात्रा के बेहोश होने की सूचना मिली। बच्ची को तुरंत निर्माण विहार स्थित मालिक रेडिक्स हेल्थ केयर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज में अचानक गिरती दिखी बच्ची
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल के क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फुटेज में बच्ची अचानक फर्श पर गिरती हुई दिखाई दे रही है। बताया गया है कि वह खेलकूद का पीरियड खत्म होने के बाद कक्षा में वापस आई थी। इसके कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
यह भी देखेंःसीमा पर तस्करों का आतंक! BSF जवानों से मारपीट, सरकारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़
हार्ट अटैक की आशंका, लेकिन वजह साफ नहीं
शुरुआती रिपोर्ट्स में बच्ची को हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
पांडव नगर थाना पुलिस स्कूल की सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल व भौतिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। बच्ची के माता-पिता, सहपाठियों, शिक्षकों और स्कूल अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।