राजधानी दिल्ली में एक बार फिर डबल डेकर बसों की वापसी हो गई है। करीब चार दशक बाद ये बसें नए और आधुनिक रूप में सड़कों पर उतरी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विजय चौक से इलेक्ट्रिक ओपन टॉप डबल डेकर बसों को हरी झंडी दिखाई। इन बसों का मकसद रोजमर्रा की यात्रा नहीं, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देना है।
पूरी तरह इलेक्ट्रिक और आधुनिक सुविधा
नई डबल डेकर बसें पूरी तरह बिजली से चलेंगी। इससे प्रदूषण और शोर दोनों कम होंगे। हर बस में करीब 63 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। ऊपर की मंजिल खुली रहेगी, ताकि यात्री शहर के ऐतिहासिक स्थलों को आराम से देख सकें। बस में एक लाइव गाइड भी मौजूद रहेगा, जो सफर के दौरान जानकारी देगा।
क्या रहेगा तय रूट?
इस हेरिटेज टूर की शुरुआत प्रधानमंत्री संग्रहालय से होगी। इसके बाद बस कर्तव्य पथ, नेशनल वॉर मेमोरियल, भारत मंडपम, नए संसद भवन परिसर, दिल्ली हाट और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। इस तरह यात्रियों को एक ही सफर में राजधानी के अहम स्थलों को देखने का मौका मिलेगा।
ये भी पढ़ें : Holi से पहले घर पहुंचना है तो देर न करें, Railway की इन स्पेशल ट्रेनों में अभी मिल रही सीटें
कितना है टिकट का किराया?
इस खास टूर के लिए किराया पहले से तय किया गया है। वयस्क यात्रियों के लिए टिकट 500 रुपये रखा गया है। वहीं 6 से 12 साल के बच्चों के लिए 300 रुपये का टिकट तय है। इस कीमत में गाइड की सेवा भी शामिल है। यानी यात्री सफर के साथ-साथ ऐतिहासिक जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
कैसे करें टिकट बुकिंग?
यात्रियों को टिकट ऑनलाइन ऐप या अधिकृत काउंटर के जरिए बुक करनी होगी। डिजिटल बुकिंग को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि प्रक्रिया आसान और तेज रहे। बसें सुबह और शाम दोनों समय चलेंगी। शाम का स्लॉट लगभग 6 बजे से शुरू होगा।
आगे और भी बदलाव संभव
फिलहाल यह सेवा तय रूट पर चलाई जा रही है। आगे चलकर इसे हॉप ऑन हॉप ऑफ मॉडल में बदला जा सकता है। इससे यात्री अपनी पसंद की जगह पर उतरकर बाद में अगली बस से सफर जारी रख सकेंगे। डबल डेकर बस की यह वापसी दिल्ली पर्यटन के लिए एक नई शुरुआत मानी जा रही है।