अगर आपने दिल्ली में नई संपत्ति खरीदी है या पारिवारिक हस्तांतरण के बाद बिजली कनेक्शन अपने नाम कराना चाहते हैं, तो अब इसके लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। BSES राजधानी पावर लिमिटेड (BRPL) और BSES यमुना पावर लिमिटेड (BYPL) ने नाम बदलने की प्रक्रिया को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आसान बना दिया है।
आवेदन से पहले रखें ये दस्तावेज तैयार
नाम परिवर्तन के लिए आवेदन करने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है। इनमें आधार, पैन, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे पहचान पत्र, प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री या अलॉटमेंट लेटर, नवीनतम बिजली बिल, जरूरत पड़ने पर NOC और मृतक उपभोक्ता के मामले में डेथ सर्टिफिकेट व लीगल हेयर से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं। सभी दस्तावेज PDF या JPEG फॉर्मेट में स्कैन करके रखने होंगे।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
उपभोक्ता अपने क्षेत्र के अनुसार BRPL या BYPL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद 'Connection Services' में जाकर 'Change Request' विकल्प चुनना होगा। CA नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से OTP वेरिफिकेशन करने के बाद 'Name Change' का विकल्प चुनकर नए उपभोक्ता की जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। यदि कोई शुल्क लागू होता है, तो उसका ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें : अब गांव-गांव तक पहुंचेगा Online सामान, भारतीय डाक और Flipkart की बड़ी साझेदारी
20 से 30 दिन में अपडेट होगा नाम
आवेदन जमा होने के बाद उपभोक्ता को एक एक्नॉलेजमेंट नंबर मिलेगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आमतौर पर 20 से 30 दिनों के भीतर अगली बिलिंग साइकिल में नए नाम के साथ बिजली बिल जारी कर दिया जाता है।
ऑफलाइन भी उपलब्ध है सुविधा
अगर किसी कारणवश ऑनलाइन आवेदन नहीं हो पा रहा है, तो उपभोक्ता अपने नजदीकी BSES कस्टमर केयर सेंटर जाकर भी नाम परिवर्तन का आवेदन कर सकते हैं। वहां 'Name Change Application Form' भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद अगली बिलिंग साइकिल में नया नाम अपडेट कर दिया जाएगा।
क्यों जरूरी है नाम अपडेट कराना?
संपत्ति खरीदने या उत्तराधिकार के बाद बिजली बिल में सही नाम दर्ज होना भविष्य में कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। सही रिकॉर्ड होने से बिजली कनेक्शन से जुड़ी अन्य सेवाओं का लाभ लेने में भी किसी तरह की परेशानी नहीं होती।