होली के मौके पर बढ़ते रसोई खर्च के बीच दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। रंग और मिठाइयों के इस त्योहार में गैस सिलेंडर की कीमत आम परिवारों के बजट पर अतिरिक्त बोझ डालती है। ऐसे में राजधानी में पात्र परिवारों को राहत देने के लिए सरकार ने फ्री सिलेंडर के बराबर आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसी तरह उत्तर प्रदेश सरकार भी गरीब परिवारों को मुफ्त गैस रिफिल देकर त्योहार को आसान बनाने की तैयारी में है।
दिल्ली में कैसे मिलेगा फ्री सिलेंडर का लाभ?
दिल्ली सरकार सीधे मुफ्त सिलेंडर घर नहीं भेजेगी, बल्कि 853 रुपये की राशि लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी। ताकि परिवार अपनी जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर भरवा सकें। इस योजना के लिए करीब 242 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। अनुमान है कि राजधानी के लगभग 17.5 लाख राशन कार्डधारक परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। जिन घरों में पाइपलाइन गैस कनेक्शन है, उन्हें भी 853 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
ये भी पढ़ें : Delhi digital journey: होली पर महिलाओं को पिंक कार्ड की सौगात, दिल्ली में डिजिटल यात्रा की नई शुरुआत
किन लोगों को नहीं मिलेगा फायदा?
इस योजना का लाभ केवल वैध राशन कार्डधारक परिवारों को मिलेगा। टैक्स भरने वाले लोग, सरकारी कर्मचारी और रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी इस योजना के दायरे से बाहर रहेंगे। योजना का फायदा लेने के लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। पात्रता की शर्तों को पूरा करने वाले परिवारों को ही राशि ट्रांसफर की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में उज्ज्वला लाभार्थियों को राहत
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी सरकार ने होली से पहले राहत का ऐलान किया है। यहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े परिवारों को मुफ्त सिलेंडर रिफिल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कहा है कि यह सुविधा होली और दिवाली दोनों अवसरों पर दी जाएगी। योजना के तहत लाभार्थी पहले सिलेंडर खरीदेंगे और भुगतान करेंगे, जिसके बाद सब्सिडी या पूरी राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
त्योहार पर सीधे आर्थिक मदद
दोनों राज्यों की सरकारें बढ़ती महंगाई के बीच गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधी आर्थिक राहत देने की कोशिश कर रही हैं। गैस सब्सिडी और फ्री रिफिल जैसी योजनाओं का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार की खुशियों पर महंगाई का असर कम पड़े और हर घर में होली का रंग फीका न हो।