WOMEN SAFETY : दिल्ली, ग्वालियर और बिहार के जमुई से सामने आई अलग-अलग घटनाओं ने नाबालिग लड़कियों और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। दिल्ली में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले में एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ है। वहीं ग्वालियर में छात्रा से मारपीट का वीडियो सामने आया है। जमुई में भी नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी और मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है।
दिल्ली में आरोपी से पुलिस की मुठभेड़
दिल्ली के साउथ-ईस्ट जिले में कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया। पुलिस ने मामले में आसिफ नाम के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब छह बजे आरोपी के बाइक से इलाके में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद अमर कॉलोनी में डीएम कार्यालय रोड के पास उसकी घेराबंदी की गई।
फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आसिफ ने भागने की कोशिश की और तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि सरेंडर करने के लिए कहे जाने के बावजूद फायरिंग जारी रही। इसी दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में राजेश ने दो राउंड फायर किए और एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल आसिफ को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
पार्क में रोककर वारदात का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता सोमवार शाम अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर-7 से अंदर गए। आरोप है कि 25 से 30 साल की उम्र के तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका और लड़की को उसके दोस्त से अलग कर दिया। पीड़िता के बयान के अनुसार, उसे पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाया गया, जहां आसिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद तीनों पर कथित दुष्कर्म का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्वालियर में छात्रा से मारपीट का वीडियो
ग्वालियर के भितरवार थाना क्षेत्र में कमला स्कूल के पास कोचिंग जा रही एक छात्रा को बाइक सवार युवक द्वारा रोककर मारपीट करने का CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। घटना में छेड़छाड़ के आरोप भी सामने आए हैं। छात्रा की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं किए जाने की बात सामने आई है। वीडियो के आधार पर पुलिस युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है।
जमुई में नाबालिगों से बदसलूकी, तीन गिरफ्तार
बिहार के जमुई में भी नाबालिग छात्र और छात्रा को रास्ते में रोककर बदसलूकी और मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक दोनों को रोकते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि मुंह ढके युवकों ने नाबालिग लड़की के साथ भी गलत व्यवहार किया। वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाती नजर आती है। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इन घटनाओं के बाद बेटियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।