DELHI MURDER CASE: दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी में जिम ट्रेनर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या ने पुरानी पारिवारिक रंजिश और गैंगस्टर कनेक्शन की परतें खोल दी हैं। सोमवार सुबह जिम से बाहर बुलाकर विजय पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। पुलिस के मुताबिक हमलावर बाइक से आए थे और वारदात के बाद फरार हो गए। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी का शक है, जबकि परिवार ने इसे बदले की कार्रवाई बताया है।
जिम से बाहर बुलाया और बरसा दी गोलियां
घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे हंसा चौक के पास हुई। विजय जिम में मौजूद थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें बाहर बुलाया। बाहर आते ही हेलमेट पहने दो हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। विजय के शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो परिवारों की रंजिश से जुड़ी कड़ी
विजय के परिवार ने हत्या को अरुण लोहिया और रतन लोहिया के परिवारों के बीच चली आ रही दुश्मनी से जोड़ा है। परिवार का दावा है कि पहले भी इस विवाद में हत्याएं हो चुकी हैं। नवंबर 2025 में रतन लोहिया की हत्या का भी जिक्र सामने आया है।
विजय को पहले भी मिल रही थीं धमकियां
विजय की बहन और परिवार के अन्य सदस्यों ने दावा किया कि पिछले करीब 15 दिनों से उन्हें परेशान और धमकाया जा रहा था। परिवार के मुताबिक, विजय को पहले की घटनाओं से कोई लेना-देना नहीं था। उनकी पत्नी ने भी हत्या को साजिश बताया है।
गैंगस्टरों के एंगल की भी जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या में किसी गैंग के शूटर शामिल थे। रतन हत्याकांड में गैंगस्टरों के नाम सामने आने के बाद विजय के मामले में भी इसी कड़ी को खंगाला जा रहा है। हालांकि किसी गैंग की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें गैंगस्टर हिमांशु भाऊ से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पुलिस पोस्ट की सत्यता जांच रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।