Delhi Kalkaji gang rape case: राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आस्था कुंज पार्क में जन्मदिन के दिन ही एक 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ तीन दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में उस खौफनाक रात की पूरी दर्दभरी दास्तान बयां की है। यह घटना 21 सितंबर की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उस दिन उसका जन्मदिन था और वह अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन करने के लिए गई थी। घर पर उसने अपनी बड़ी बहन को बताकर शाम करीब 5 बजे निकलने की बात कही थी। शाम लगभग पौने छह बजे दोनों कालकाजी पहुंचे और करीब सात बजे तक मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मेट्रो स्टेशन के बाहर से कुछ खाने-पीने का सामान लिया और इस्कॉन मंदिर जाने से पहले आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर दाखिल हुए। दोनों पार्क के अंदर एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा ही रहे थे कि तभी वहां 30 से 35 साल की उम्र के तीन संदिग्ध युवक आ धमके।
खुद को पुलिसकर्मी बताकर बनाया बंधक
आरोपियों ने पहुंचते ही पीड़िता के दोस्त को दबोच लिया और उसे थप्पड़ मारा। जब दोनों ने इसका विरोध किया, तो उन युवकों ने खुद को पुलिसवाला होने का झांसा दिया। उन्होंने डराते हुए कहा कि इतनी रात को यहाँ घूमना कानूनन जुर्म है और इस पर गंभीर मामला दर्ज हो सकता है। इसके बाद उन्होंने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। एक आरोपी पीड़िता के दोस्त को खींचकर कुछ दूर ले गया, जबकि बाकी दो उसे जबरन झाड़ियों की तरफ ले जाने लगे। पीड़िता के मुताबिक, वह बुरी तरह सहम गई थी और उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि जो भी पूछना है यहीं पूछ लें या उसकी माँ से बात कर लें, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हुआ।
चाकू और पिस्तौल के बल पर दरिंदगी
इस बीच आरोपियों में से एक ने दूसरे से कहा, "आसिफ भाई, गन निकाल।" पर्पल शर्ट पहने और कद-काठी में सबसे बड़े आसिफ ने अपनी जेब से एक ब्लैक पिस्टल निकालकर दिखाई और फिर अंदर रख ली। इसके बाद उन्होंने हाथ में चाकू लहराते हुए पीड़िता को पार्क में ही एक सुनसान जगह पर लाल रंग की बेंच तक खींचते हुए ले गए। आसिफ ने अपने एक साथी को बाहर पहरे पर खड़ा किया और खुद पीड़िता की गर्दन पर चाकू अड़ाकर उसके साथ जबरदस्ती की। दर्द और खौफ से काँपती पीड़िता गिड़गिड़ाती रही, लेकिन उस दरिंदे को उस पर जरा भी दया नहीं आई। इसके बाद दूसरे आरोपी ने भी चाकू के जोर पर उसके साथ हैवानियत की। अंत में 'दीपू' नाम के तीसरे शख्स ने भी आकर इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। वारदात के बाद वे उसके अंडरगार्मेंट्स अपने साथ रख चुके थे और केवल जींस-टीशर्ट देकर जल्दी से कपड़े पहनने को कहा।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग पर घमासान तेज, राहुल गांधी के सवालों के बीच CEC के खिलाफ विपक्ष फिर लाएगा प्रस्ताव
धमकी देकर छोड़ा और फिर पुलिस ने कसा शिकंजा
हवस मिटाने के बाद आरोपियों ने उनके फोन वापस लौटा दिए और धमकी दी कि अगर किसी को भी इस बारे में मुँह खोला, तो वे दोनों को जान से मार देंगे। किसी तरह पार्क से बाहर निकलकर पीड़िता ने रोते हुए अपने दोस्त को सारी बात बताई, जिसके बाद पुलिस को तुरंत इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी आसिफ को अमर कॉलोनी इलाके में एक मुठभेड़ के बाद धर दबोचा, जबकि उसके अन्य साथियों हेमंत और उसके भाई को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।