दिल्ली सरकार ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस योजना का मकसद सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि जन्म से लेकर पढ़ाई पूरी होने तक बेटी को सहारा देना है। सरकार चाहती है कि बेटियां पढ़ाई करें और आगे चलकर आत्मनिर्भर बनें।
किस्तों में मिलेगी आर्थिक सहायता
इस योजना के तहत रकम एक साथ नहीं दी जाएगी। बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये जमा किए जाएंगे। पहली, छठी और नौवीं कक्षा में दाखिले पर 5-5 हजार रुपये मिलेंगे। दसवीं पास करने और बारहवीं में एडमिशन पर भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ग्रेजुएशन या डिप्लोमा के दौरान 20 हजार रुपये किस्तों में दिए जाएंगे। 21 साल की उम्र पूरी होने या उच्च शिक्षा खत्म करने के बाद करीब 1 लाख रुपये ब्याज सहित सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : Kashmir में शुरू हुआ Vistadome सफर, अब कांच की छत से देखेंगे घाटी का नजारा
कौन उठा सकता है लाभ
इस योजना का फायदा उन्हीं परिवारों को मिलेगा जो कम से कम 3 साल से दिल्ली में रह रहे हों। बेटी का जन्म दिल्ली में रजिस्टर्ड होना जरूरी है। माता-पिता के पास आधार कार्ड और सक्रिय बैंक खाता होना चाहिए। परिवार की सालाना आय 1.20 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। एक परिवार की अधिकतम 2 बेटियां ही इस योजना में शामिल होंगी। अगर पढ़ाई बीच में छोड़ी गई तो जमा रकम वापस ली जा सकती है।
आवेदन कब और कैसे करें
यह योजना 1 अप्रैल से लागू होगी। फिलहाल आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। सरकार जल्द ही इसके लिए एक डिजिटल पोर्टल लॉन्च करेगी। आवेदन ऑनलाइन ही करना होगा। पात्र परिवार अभी से जरूरी दस्तावेज जैसे जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक डिटेल्स तैयार रखें, ताकि पोर्टल शुरू होते ही आसानी से आवेदन कर सकें।