दिल्ली में शराब खरीदने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब पसंदीदा ब्रैंड के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वीकेंड, त्योहार या खास मौके पर अक्सर लोगों को यही परेशानी रहती है कि मनचाही शराब कहीं मिल ही नहीं रही। कई बार लंबी दूरी तय करने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है। इसी झंझट को खत्म करने के लिए दिल्ली सरकार एक नया सिस्टम लाने जा रही है, जिससे शराब खरीदना पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी हो जाएगा। यह बदलाव सीधे मोबाइल फोन के जरिए होगा।
ई-आबकारी ऐप देगा पूरी जानकारी
दिल्ली आबकारी विभाग ने इसके लिए “ई-आबकारी दिल्ली” नाम का एक मोबाइल ऐप तैयार किया है। इस ऐप के जरिए उपभोक्ता घर बैठे ही यह देख सकेंगे कि उनकी पसंदीदा शराब किस दुकान पर उपलब्ध है। सिर्फ ब्रैंड ही नहीं, बल्कि उस दुकान में मौजूद स्टॉक की जानकारी और दुकान का लोकेशन भी ऐप पर दिखेगा। इसका मतलब साफ है कि अब बिना जानकारी के दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऐप का मकसद ग्राहकों को सही और रियल टाइम जानकारी देना है, ताकि समय और मेहनत दोनों की बचत हो सके।
ये भी पढ़ें : जहरीली हवा ने छीनी बाजारों की रौनक, Delhi का कारोबार ठहर सा गया
प्री-बुकिंग पर मिलेगा तय समय
इस ऐप में प्री-बुकिंग सिस्टम को भी शामिल करने की तैयारी है। प्रस्ताव के अनुसार, ग्राहक ऐप के जरिए अपनी पसंद की शराब पहले से बुक कर सकेंगे। बुकिंग के बाद दुकानदार उस ऑर्डर को पिकअप के लिए करीब एक घंटे तक सुरक्षित रखेगा। तय समय के भीतर ग्राहक को दुकान पर पहुंचकर शराब लेनी होगी। अगर ग्राहक समय पर नहीं आता है, तो दुकानदार उस ब्रैंड को किसी और को बेच सकता है। इससे दुकानों में भीड़ कम होगी और स्टॉक मैनेजमेंट भी आसान रहेगा। प्री-बुकिंग पर कोई अतिरिक्त शुल्क लगेगा या नहीं, इस पर अभी फैसला होना बाकी है।
शिकायत और जांच भी होगी आसान
आबकारी विभाग के अनुसार यह ऐप फिलहाल ट्रायल मोड में है, लेकिन जल्द ही इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा। विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई दुकानों पर ब्रैंड उपलब्ध होने की सही जानकारी नहीं मिलती। इसके अलावा ओवरचार्जिंग और मिलावटी शराब की शिकायतें भी सामने आती थीं। नए ऐप में शिकायत दर्ज कराने का विकल्प भी होगा, जिससे उपभोक्ता सीधे अपनी बात रख सकेंगे। शराब की प्रमाणिकता से जुड़ी जानकारी भी ऐप पर मिलेगी। फिलहाल ट्रायल के दौरान भी यह ऐप प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और लोग इसे डाउनलोड कर इस्तेमाल कर सकते हैं।