Delhi Mangolpuri Fire: दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक चार लोगों की जान जाने की खबर है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। आग लगने के बाद फैक्ट्री में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव का काम देर रात तक चलता रहा। घटना के बाद घायलों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, बचाव दल ने छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। आग लगने की असल वजह फिलहाल सामने नहीं आई है और मामले की जांच की जा रही है।
बेसमेंट में आग, ऊपरी मंजिलों तक फैल गया धुआं
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की करीब 20 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। टीम ने मशक्कत के बाद बेसमेंट में लगी आग पर काबू पा लिया, लेकिन वहां से निकला घना धुआं इमारत की ऊपरी चार मंजिलों तक पहुंच गया। धुएं के कारण फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर लाकर अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना है।
यह भी पढ़ें: एक नवंबर की कांग्रेस रैली पर विवाद, भाजपा बोली- सिख समुदाय की भावनाओं को पहुंची ठेस
फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ
डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फैक्ट्री मालिक को घटनास्थल पर बुलाया गया है। इसके अलावा ठेकेदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग लगने के समय फैक्ट्री के भीतर कितने कर्मचारी मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बेसमेंट में आग लगने के बाद इमारत में धुआं तेजी से फैल गया था। इसकी वजह से कई लोग बेहोश हो गए।
आग बुझने के बाद भी जारी रहा तलाशी अभियान
दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद इमारत के भीतर तलाशी अभियान शुरू किया। बचाव दल यह सुनिश्चित करने में जुटा रहा कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है। हादसे के बाद पूरे इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही। पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करती रहीं।