
इस साल 15 अगस्त को देश अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम से मनाएगा. राजधानी दिल्ली में इसका मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक लाल किला पर आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे. हर साल की तरह इस बार भी हजारों लोग इसमें शामिल होंगे. स्कूली बच्चे, सरकारी अधिकारी, सेना के जवान, विशेष मेहमान और आम नागरिक इस आयोजन में शामिल होने के लिए लाल किले पहुंचेंगे. इतनी बड़ी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने विशेष प्लान तैयार किया है.
सुबह 4 बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं
15 अगस्त को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य समय से पहले सुबह 4 बजे ही शुरू कर दी जाएंगी. सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी. सुबह 6 बजे के बाद से मेट्रो अपने नियमित टाइम टेबल के अनुसार ही चलेगी. यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि लोग समय पर लाल किले पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हो सकें और भीड़ का दबाव कम किया जा सके.
ये भी पढ़ें : 15 अगस्त को दिल्ली मेट्रो में कुछ लोगों के लिए फ्री सफर, सुबह 4 बजे से शुरू होंगी सेवाएं
कुछ लोगों के लिए फ्री यात्रा का मौका
DMRC ने रक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर एक खास सुविधा दी है. लाल किले पर मुख्य समारोह में शामिल होने वाले विशेष मेहमान जिनके पास रक्षा मंत्रालय का वैध निमंत्रण पत्र होगा, उन्हें मेट्रो में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी. इन मेहमानों को विशेष टोकन कोड दिए जाएंगे, जिन्हें दिखाकर वो बिना किराया चुकाए यात्रा कर सकेंगे. इन मुफ्त टिकटों का खर्च रक्षा मंत्रालय वहन करेगा. इस सुविधा का उद्देश्य है कि मेहमान आसानी से और समय पर कार्यक्रम स्थल तक आ-जा सकें.
किन स्टेशनों का करें इस्तेमाल?
लाल किले के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन हैं:
1. लाल किला
2. जामा मस्जिद
3. दिल्ली गेट
आयोजकों ने लोगों को सलाह दी है कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए इन्हीं स्टेशनों का उपयोग करें, जिससे भीड़ और ट्रैफिक का दबाव कम हो.
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई
सभी मेट्रो स्टेशनों और IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई है. CISF और DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वो समय से पहले स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा जांच में सहयोग करें. समारोह के कारण लाल किले और उसके आसपास कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा, इसलिए सफर से पहले अपने रूट की जांच जरूर करें. यह खास इंतज़ाम राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित और सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए किए गए हैं, ताकि सभी लोग बिना किसी परेशानी के इस ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बन सकें.