Delhi Metro Update: दिल्ली में सोमवार को मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने छह प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और बाहर निकलने पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। यह पाबंदी सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगी। हालांकि, इन स्टेशनों पर मेट्रो बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा मिलती रहेगी। यह व्यवस्था ऐसे समय की गई है, जब विपक्षी दल कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं।
इन 6 मेट्रो स्टेशनों पर नहीं मिलेगी एंट्री-एग्जिट की सुविधा
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुरक्षा कारणों से छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार निर्धारित समय के लिए बंद रहेंगे। इनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड स्टेशन शामिल हैं। मेट्रो प्रशासन के मुताबिक, इन स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर रखेंगी। स्थिति के अनुसार आगे कोई बदलाव होता है, तो यात्रियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष का मार्च
विपक्षी गठबंधन INDIA के तहत आयोजित होने वाले इस मार्च को 'चलो दिल्ली-मार्च फॉर डेमोक्रेसी' नाम दिया गया है। विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष की ओर से ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने और मतदान के लिए बैलेट पेपर की व्यवस्था दोबारा शुरू करने जैसी मांगें उठाई जानी हैं।
राहुल गांधी और खड़गे ने CJI से मिलने का मांगा था समय
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। दोनों नेता लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं। वे चुनाव से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंताओं को रखते हुए मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन देना चाहते थे।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश ने इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया। बताया गया कि इस तरह के मामले पहले से ही अदालत में लंबित हैं और प्रशासनिक स्तर पर इस संबंध में आदेश पारित नहीं किए जा सकते। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं को ईमेल के माध्यम से जवाब भेजा गया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत का रुख करने की सलाह दी गई। मामले पर मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना भी जताई गई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी, कई मार्गों पर किया डायवर्जन, यातायात प्रभावित
राहुल गांधी ने मार्च में शामिल होने की अपील की
राहुल गांधी ने कहा कि इस मार्च में विपक्षी दलों के नेताओं के अलावा युवा समूहों, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र एवं संविधान में विश्वास रखने वाले लोग भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि शनिवार को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ पुलिसकर्मियों और भाजपा समर्थकों ने मारपीट की। राहुल गांधी के मुताबिक, सोमवार को होने वाले मार्च में लोग पार्टी, जाति, समुदाय, लिंग और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर नागरिकों के तौर पर शामिल होंगे।
दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस में जुटेंगे कांग्रेस नेता
कांग्रेस के अनुसार, उसके नेता सोमवार दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस और बाराखंभा रोड के जंक्शन पर इकट्ठा होंगे। इसके बाद प्रस्तावित मार्च में भाग लेंगे। इससे पहले शुक्रवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला था। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी थीं।
मेट्रो से निकलने से पहले जरूर जान लें ये बात
सोमवार को मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लेनी चाहिए। सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों से प्रवेश या बाहर निकलने की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। हालांकि, इन स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा जारी रहेगी।
यात्रियों को सलाह है कि वे सफर शुरू करने से पहले दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी ताजा अपडेट देख लें, ताकि रास्ते में अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।