Delhi NCR Rain Red Alert : दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से जारी बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है और लोगों को ऑफिस, स्कूल व अन्य जरूरी जगहों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
अगले कुछ घंटे अहम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके साथ तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। IMD ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने और बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि लगातार बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
सड़कों पर रेंगा ट्रैफिक
भारी बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग समेत कई मार्गों पर यातायात धीमा पड़ गया। पूर्वी दिल्ली के जीटी रोड, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन में भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कैब न मिलने और घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहने की शिकायतें साझा कीं।
रात तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर से भारी बारिश वाले बादल दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़ रहे हैं। अनुमान है कि रात तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि आधी रात के बाद हल्की बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में पहले ही 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है और कुछ स्थानों पर यह आंकड़ा 150 से 200 मिलीमीटर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इसे भी पढ़ें : संन्यास के बाद भी नहीं थमे Ajinkya Rahane, अब यूरोपियन T20 लीग में दिखाएंगे दम
क्यों हो रही इतनी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में एक साथ सक्रिय कई मौसम प्रणालियों के कारण दिल्ली-एनसीआर में लगातार भारी बारिश हो रही है। इन परिस्थितियों के चलते आने वाले समय में भी तेज वर्षा, जलभराव, स्थानीय बाढ़ और ट्रैफिक बाधित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।